MP: विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भी सदन में हंगामा, प्रश्नकाल में उठा ये मुद्दा

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। बुधवार को सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायक संजीव सिंह ने भिंड में रेत भंडारण में अनिमियता का मुद्दा उठाया। जिस पर खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने विधायक संजीव सिंह के सवाल का जबाब देते हुए कहा कि अवैध भंडारण और अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई की गई है। मंत्री ने मामलों में FIR दर्ज करने की भी बात कही है।
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक आलोक चतुर्वेदी ने वन भूमि और राजस्व भूमि के टकराव में प्रभावित किसानों का मुद्दा उठाया. इस प्रश्न पर चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मुद्दे को किसानों से जुड़ा बताते हुए कहा कि इसमें किसानों का नुकसान होता है. इसमें यह पता लगाना चाहिए कि पट्टे की जमीन को लेकर कितने किसानों के आवेदन स्वीकार किए गए और कितने निरस्त किए गए।
आदिवासियों के मुद्दे पर विपक्ष ने फिर किया हंगामा
प्रश्नकाल खत्म होते ही विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ. आदिवासियों के मुद्दे पर विधानसभा में विपक्ष ने फिर हंगामा किया। कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा कराने की मांग की है. जिसके बाद हंगामे के चलते विधानसभा की कार्रवाई 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।




