सभी खबरें

सियासत : कांग्रेस में फसल चुराने की आदत है, अरुण यादव को यह भी बताना था – कैलाश विजयवर्गीय 

  • उपचुनाव से पहले प्रदेश में शुरू हुआ बयानबाज़ी का दौर 
  • कैलाश विजयवर्गीय ने अरुण यादव के बयान पर कसा तंज 
  • कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, कही ये बात 

इंदौर : शनिवार शाम C-21 मॉल स्थित शोरूम के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए भाजपा के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री अरुण यादव के फसल वाले बयान को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में फसल दूसरा बोता है, चुरा कोई और ले जाता है। कांग्रेस में फसल चुराने की आदत है, अरुण यादव को यह भी बताना था। उन्होंने कहा कि जोबट और खंडवा उपचुनाव भाजपा जीतेगी बाकी सीटों का अभी आकलन नहीं किया है। जोबट में भाजपा का सकारात्मक प्रभाव है। जोबट और खंडवा दोनों उपचुनाव भाजपा जीतेगी।

दरअसल, शुक्रवार को पूर्व मंत्री अरुण यादव मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले पहुंचे थे, खंडवा लोकसभा सीट पर उपचुनाव के मद्देनजर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि हर बार पार्टी जो निर्देश देती है, वो मैं करता हूं। हर बार फसल मैं उगाता हूं, किसी को दे देता हूं। साथ ही कहा कि 2018 में भी ऐसा ही हुआ, कहा तुम्हारी फसल दे दो, मैंने कहा हां साहब ले लो। फिर उगा लेंगे। 

इस दौरान अरुण यादव ने बताया कि जब मैंने पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर खंडवा उपचुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जताई तो मीडिया में तो अफवाह फैल गई कि अरुण यादव पार्टी से बाहर जा रहे हैं। मेरी ही पार्टी में मेरी चिंता करने वाले नेताओं ने ही मेरे बाहर जाने की अफवाह उड़ा दी। उन्होंने नेताओं को चेतावनी दी कि वे कहीं जाने वाले नहीं है, कांग्रेस पार्टी में रहेंगे। 

वहीं, दूसरी तरफ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय कांग्रेस पर हमलवार रहे, उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की घटना को चुनाव के लिए इस्तेमाल कर रही है, जबकि कश्मीर में हो रही हत्याओं पर कोई भी कांग्रेस नेता आंसू बहाने नहीं गया। कांग्रेस केवल चुनाव मुद्दे के तौर पर किसानों की हत्या को भुनाना चाहती है। जनता यह सब समझती है। अब लोगों के पास जानकारी के काफी साधन हो गए हैं। पहले केवल प्रिंट मीडिया होता था। अब सोशल मीडिया है, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया है। वे सारे चेहरे एक्सपोज हो जाएंगे जो राजनीति कर रहे हैं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button