
शिवपुरी। मध्यप्रदेश में रिश्वत खोरी आये दिन बढ़ती जा रही है। एक बार फिर प्रदेश के शिवपुरी जिले में ग्वालियर लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरवास कस्बे की घुरवार रोड पर पटवारी अवधेश शर्मा को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। बता दें कि पटवारी ने यह रिश्वत जमीन के फौती नामांतरण करने के एवज में बिजरौनी गांव के रहने वाले किसान परमाल सिंह यादव से मांगी थी। पीड़ित किसान ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस में दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने आज आरोपी पटवारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
इससे पहले भी पटवारी को लोकायुक्त पुलिस वर्ष 2021 में भी 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रन्नौद तहसील क्षेत्र में पकड़ा जा चुका है। लेकिन अब तक पुलिस चालान पेश नहीं कर पाई है। एक बार फिर पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।