सभी खबरें

MP : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने त्यागा भोजन, पूर्व मंत्री मरकाम बोले, भोजन नहीं पद छोड़ो…

भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – बीते मंगलवार को मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक बस हादसे में 54 लोगों की दुःखद मौत हो गई। जिस समय ये हादसा हुआ उस समय प्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत अपने सहयोगी मंत्री अरविंद भदौरिया के घर पर हस्ते हुए भोजन कर रहे थे। दरअसल, मंत्री अरविंद भदौरिया के घर पर वसंत पंचमी का कार्यक्रम था। जिसमें गोविंद राजपूत भी शामिल हुए थे और वहां उन्होंने सबके साथ भोजन किया था। जिसके बाद उनकी भोजन करते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। 

कांग्रेस ने उनके इस कार्यक्रम में शामिल होने पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस का आरोप था कि ऐसे भयानक हादसे के बाद मंत्री को घटनास्थल पर होना चाहिए था। वहां राहत औऱ बचाव कार्य देखने चाहिए थे, लेकिन उस सबसे बेपरवाह गोविंद राजपूत भोजन के लुत्फ ले रहे थे और हंसी-ठिठोली कर रहे थे। 

इस पुरे हादसे के बाद अब मध्यप्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने एक संकल्प लिया है कि वे एक साल तक किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में भोजन नहीं करेंगे। यहां तक कि ज्योतिरादित्य सिंधिया या सीएम शिवराज सिंह चौहान की दावत में भी शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि मैंने फैसला लिया है कि मैं एक साल तक किसी भी सार्वजनिक भोज के कार्यक्रम में नहीं जाऊंगा और न ही भोज करूंगा। मैंने अपनी अंतरात्मा से फैसला लिया हैं। सिंधिया जी का हो या शिवराज जी का हो या किसी और की तरफ भी भोज का आमंत्रण हो, मैं वहां नहीं जाऊंगा, इसलिए मैं आज प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा के कार्यक्रम में भी नहीं गया। उन्होंने कहा विपक्ष ने मंत्री अरविंद भदौरिया के बंगले पर वसंत पंचमी के दिन कार्यक्रम में भोज करने का फोटो वायरल किया था। विपक्ष ने मुद्दा बनाया था। मेरा मजाक उड़ाया गया था, इसलिए मैंने ये फैसला किया हैं। 

वहीं, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के इस संकल्प पर पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम ने तंज कसा हैं। पूर्व मंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि खाना नहीं, पद छोड़ो….नौटंकी नहीं चलेगी मंत्री जी। 

गौरतलब है कि सीधी बस हादसे के बाद पूरे परिवहन विभाग में हड़कंप मचा हुआ हैं। 4 अफसर तो अगले दिन ही सस्पेंड कर दिए गए थे। इसके साथ ही परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत पर भी उंगली उठी, जिनकी उस दिन हंसते हुए खाना खाने की एक फोटो वायरल हो गई थी।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button