महाराष्ट्र संकट पर MP के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का तंज, “अगवा नहीं भगवा हो गए विधायक”

भोपाल : महाराष्ट्र में चल रहीं सियासी उठापठक के बीच मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है, उन्होंने इस पुरे घटनाक्रम पर करारा तंज कसा है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा की मेरा देश बदल रहा है पहली बार ऐसा हुआ है कि जब हिंदुत्व के नाम पर सरकार गिरी है। महाराष्ट्र में सरकार का गिरना हनुमान चालीसा का प्रभाव है कि 40 दिन में 40 विधायक पार्टी छोड़ गए। उन्होंने संजय राउत के बयान पर भी चुटकी लेते हुए कहा की संजय राउत कह रहे थे कि विधायक अगवा हो गए हैं वह भूल गए कि अगवा नहीं भगवा हो गए हैं।

बता दे कि महाराष्ट्र के राज्यपाल बीएस कोश्यारी द्वारा उद्धव ठाकरे को बहुमत साबित करने के लिए फ्लोर टेस्ट कराने की मांग के बाद महाराष्ट्र का सियासी संकट बुधवार को तेज हो गया था। फ्लोर टेस्ट के आदेश के खिलाफ शिवसेना ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया लेकिन शीर्ष अदालत ने फ्लोर टेस्ट पर रोक नहीं लगाई। इस बीच उद्धव ठाकरे ने अपने फेसबुक लाइव के दौरान मुख्यमंत्री पद से अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी।

उद्धव ठाकरे खुद राजभवन गए और देर रात राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहीं, उद्धव के राज्यपाल को इस्तीफा सौंपते ही भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के घर पर बीजेपी नेताओं और प्रशंसकों की भीड़ लगने लगी।

बहरहाल भाजपा, शिवसेना के बागी गुट के साथ मिलकर राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारी कर रही है। खबरों की मानें तो देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनेंगे और एकनाथ शिंदे को उपमुख्यमंत्री पद मिल सकता है, जिसको लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। कहा जा रहा है कि कल देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते है।

Exit mobile version