MP : पुलिस का खौफनाक चेहरा, मुकदमा दर्ज कराने की गई दलित महिला को थाने में पीटा

MP : पुलिस का खौफनाक चेहरा, मुकदमा दर्ज कराने की गई दलित महिला को थाने में पीटा
सीधी से गौरव सिंह की रिपोर्ट : – मध्य प्रदेश पुलिस का खौफनाक चेहरा सामने आया है। इसके तहत एक दलित महिला जो थाने में मुकदमा दर्ज कराने गई थी उसकी थाने में ही पुलिस वालों ने बेरहमी से पिटाई की। अब इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है। परिवार वालों संग ग्रामीणों ने संबंधित पुलिसकर्मी को दंडित करने की मांग की है।पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में फरियादी फुलबसुआ साकेत पत्नी अर्जुन साकेत निवासी ग्राम सुकवारी उत्तर टोला ने बताया है कि वह 23 अगस्त की शाम उसके बेटों के साथ तिलका साकेत एवं अन्य लोगों ने मारपीट की थी। इसकी फरियाद लेकर वह जमोड़ी थाने पहुंची। फरियाद करने के दौरान फफक पडी तो मौके पर मौजूद मुंशी राजमणि रजक ने कहा कि वह नाटक कर रही है। इसे 50 लाठी मारो।
मुंशी के कहने पर वहां मौजूद एक सिपाही ने तमाचा जडऩा शुरू किया तो महिला जमीन पर गिर पड़ी। फिर वहां उपस्थित दो महिला पुलिस ने लात व डंडे से मारना शुरू कर दिया। इस दौरान मुंशी ने पिटाई की। पीडि़त महिला के मुताबिक मारपीट के दौरान पुलिस उसका वीडियो बना रही थी। मारपीट से महिला के हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सो में काफी चोटें आई है।
पीडि़त के मुताबिक घटना के समय थाना प्रभारी मौजूद नहीं थे। महिला का कहना है कि मुंशी राजमणि रजक का भांजा अजीत रजक मारपीट के आरोपियों में शामिल रहा है जिस कारण वह उस पर गुस्सा उतार रहे थे। उसने आरोप लगाया कि बेटों के साथ जमीनी विवाद को लेकर मारपीट करने वाले तिनका साकेत द्वारा पुलिस को उपकृत करने के कारण ही उसकी न तो फरियाद सुनी गई और न ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर मारपीट के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

.jpeg)


