MP : ब्लैक फंगस का कहर : भोपाल-इंदौर में सबसे ज़्यादा मरीज़… इंजेक्शन की मार्केट में कमी

मध्यप्रदेश/भोपाल : जिस तरह बीते दिनों कोरोना के इलाज के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की किल्लत थी, ठीक उसी तरह अब ब्लैक फंगस के इलाज में ज़रूरी एंफोटेरिसिन- बी लाइपोसोमेल इंजेक्शन की कमी हैं। ब्लैक फंगस के मरीज को एक दिन में चार डोज लगते हैं। शुरुआत में 7 दिन तक इंजेक्शन लगना जरूरी हैं। एक इंजेक्शन की कीमत 5 से 7 हजार रुपए हैं। लेकिन यह इंजेक्शन मार्केट में उपलब्ध नहीं हैं।
हालांकि, इन सबके बीच ये फंगस मध्यप्रदेश में तेज़ी के साथ पैर पसार रहा हैं। जानकारी के अनुसार ब्लैक फंगस के 421 मरीजों का फिलहाल प्रदेश में इलाज चल रहा हैं। सबसे ज्यादा मरीज इंदौर में हैं। इंदौर में 124, भोपाल में 115, जबलपुर में 55, बड़वानी में 50, ग्वालियर में 26, उज्जैन में 18 मरीज भर्ती हैं।
इधर, मध्य प्रदेश राज्य मानव अधिकार आयोग ने सरकार को नोटिस जारी कर 10 दिन में रिपोर्ट तलब की हैं। दरअसल, अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए आयोग ने राज्य के प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल को तलब किया। ब्लैक फंगस पीड़ित मरीज़ों के लिये जरूरी दवाइयों की व्यवस्था करने के लिए कहा। साथ ही इस मामले में आयोग ने 10 दिवस में शासन से जवाब मांगा हैं।




