MP: 27% ओबीसी आरक्षण लागू होने पर कांग्रेस ने निकाली आभार यात्रा, श्रेय लेने की राजनीति हुई शुरू

- OBC आरक्षण मुद्दे पर श्रेय लेने की होड़ में उतरी कांग्रेस और बीजेपी
- यात्रा में कांग्रेसी कमलनाथ सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे
- सारंग ने कसा तंज़ बोले “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना”
भोपाल/निशा चौकसे:- मध्यप्रदेश में ओबीसी को 27% आरक्षण लागू होने के बाद कांग्रेस और बीजेपी ने श्रेय लेने की राजनीति शुरू कर दी है. इस पर आज कांग्रेसियों ने आभार यात्रा निकाली है. दरअसल सरकार ने पिछड़ा वर्ग के लिए सरकारी भरतीयों में 27% आरक्षण लागू कर दिया है और सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, अब इस पर पक्ष और विपक्ष श्रेय लेने में जुटे हुए हैं.
कमलनाथ ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को किया रवाना
पूर्व सीएम कमलनाथ ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यात्रा के जरिए कमलनाथ सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे और बीजेपी के झूठ की पोल खोलेंगे। कांग्रेस की आभार यात्रा का पहला चरण 10 से 18 सितंबर तक रहेगा। इस दौरान यात्रा भोपाल, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और विदिशा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह जनसभाएं, जन संसद संवाद, जन चौपालें भी होंगी। प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष राजमणि पटेल ने बताया कि यात्रा के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार के झूठ-फरेब को उजागर किया जाएगा।
कांग्रेस की आभार यात्रा पर विश्वास सारंग ने दिया बयान
कांग्रेस की आभार यात्रा पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बयान दिया हैं उन्होंने कहा कि मैंने ऐसी आभार यात्रा पहली बार देखी है। इसमें कमलनाथ खुद दूल्हा बने हैं और खुद ही बारात में नाच रहे हैं। ये कैसी आभार यात्रा है जिसमें वो खुद ही झंडी दिखा रहे हैं। यह 'बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना' जैसा है। पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर कांग्रेस एक्सोपज हो चुकी है। काम हमने किया है और यात्रा कांग्रेस निकाल रही है।




