
भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनैतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। सभी राजनीतिक दल अलग-अलग वर्गों को साधने की कोशिश में जुटे हुए है। जिसके चलते प्रदेश कांग्रेस ने आदिवासी मतदाताओं को साधने के लिए नई रणनीति तैयार कर ली है। कांग्रेस ने आदिवासी इलाकों को लेकर संभाग वार रणनीति बनाई है। जिसमें आदिवासी इलाकों को तीन हिस्सों महाकौशल, विंध्य, मालवा निमाड़ क्षेत्र में बांटा है। इन तीनों इलाकों में कांग्रेस महासम्मेलन करेगी।
आपको बता दें कि पहला सम्मेलन मंडला के रामनगर, दूसरा विंध्य और तीसरा बड़वानी में प्रस्तावित हुआ है। जिसकी पूरी जिम्मेदारी आदिवासी नेताओं को सौंपी गई है। इस सम्मेलन के जरिए आदिवासी समाजों के बीच काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों को जोड़ा जाएगा। बता दें कि विंध्य में कुल 30, महाकौशल में 38 और मालवा-निमाड़ में 66 विधानसभा सीट है। प्रदेश में 47 सीट आदिवासी वर्ग के लिए सुरक्षित है। कांग्रेस ने साल 2018 के चुनाव में 30 सीटों पर विजय हासिल की थी।