भोपाल में MD ड्रग्स का तस्कर पकड़ाया, आरोपी खुद भी नशे में धुत
.jpg)
- भोपाल में MD ड्रग्स तस्करी का नया तरीका
- पुलिस के सवालों से बचने खुद ने भी नशा किया
- वाट्सऐप के माध्यम से होती है डीलिंग
भोपाल/स्वाति वाणी:-
भोपाल पुलिस ने शनिवार शाम हाईप्रोफाइल पार्टियों में MD ड्रग्स को लोगो तक पहुंचाने वाले एक तस्कर को हिरासत में लिया है। आरोपी के पास से करीब 8 ग्राम ड्रग्स मिली है। पुलिस ने बतया की पकड़ाया गया आरोपी खुद भी नशे में धुत था। ऐसे में पुलिस उससे कोई खास जानकारी हासिल नहीं कर पाई है। पुलिस आरोपी के बारे में पता लगा रही है।
पुलिस को पहले से था संदेह
इस पुरे मामले की जांच कर रहे शाजहांनाबाद थाने के SI राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर दुर्गा नगर इलाके में एक संदिग्ध के होने की सूचना मिली थी। उस पर पहले से ही MD ड्रग्स सप्लाई करने का संदेह था। दोपहर करीब ढाई बजे से आरोपी पर नजर रखना शुरू किया। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद ड्रग्स संदेही के पास होने की पुष्टि होने पर देर शाम उसे एंबुलेंस 108 के ऑफिस के पास हिरासत में ले लिया गया। उसके पास से MD ड्रग्स का एक पैकेट मिला। इसमें उसने एक-एक ग्राम अलग रखा था। नशे में धुत होने के कारण वह ठीक से कुछ नहीं बता पा रहा था।
वाट्सऐप के माध्यम से होती है डीलिंग
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका नाम अकील अहमद है। वह टीलाजमालपुरा का रहने वाला है और प्राइवेट जॉब करता है। वह कोहेफिजा और शाजहांनाबाद इलाके में MD ड्रग्स की सप्लाई करता है। उसके ज्यादातर ग्राहक लड़कियां हैं, और इसकी पूरी डीलिंग वाट्सऐप के माध्यम से होती है।
सप्लाई चेन के बारे में पता नहीं चला
पूछताछ के दौरान आरोपी पूरी तरह से नशे में धुत था इस कारण उससे ज्यादा पूछताछ नहीं की जा सकी। पुलिस को अभी तक ड्रग्स की सप्लाई चेन के बारे में पता नहीं लगा पाया है। आरोपी यह ड्रग्स कहां से लाया और कहां सप्लाई करता था इसका अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है की पुलिस के सवालों से बचने के लिए तस्कर अब ऐसे लोगों के जरिए सप्लाई करवा रहे हैं, जो खुद ही नशे में रहते हैं।
ज्यादा डोज से हो सकती है मौत
एक ग्राम MD ड्रग्स किसी को भी 5 से छह घंटे तक सपनों की दुनियां में बनाए रखने के लिए काफी है। आरोपी अकील ने MD ड्रग्स की गोलियां पीसकर इसका पाउडर बनाया था। पाउडर होने पर इसे नाक और जीभ पर रखाकर नशे के रूप में लिया जाता है। ज्यादा डोज से मौत भी हो सकती है। एक ग्राम डोज की कीमत करीब ढाई हजार रुपए तक होती है।




