खंडवा : अरे भाई राहुल गांधी है "गड्डी में फटा" हुआ नोट, वह अब नहीं चलने वाला – BJP नेता

खंडवा : मध्य प्रदेश में तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रदेश का चुनावी पारा भी बढ़ता जा रहा है। भाजपा-कांग्रेस के नेताओं के बीच वार-पलटवार भी तेज हो गया हैं। वहीं, प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने पहुंच रहे नेताओं की ज़ुबान लगातार फिसल रहीं है।
इसी कड़ी में अब स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन सिंह के बोल बिगड़ गए, और उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिग्गज नेता राहुल गांधी को लेकर एक टिपण्णी कर डाली, जो अब चर्चा का विषय बन गई हैं। दरअसल, खंडवा में लोकसभा उपचुनाव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन ने राहुल गांधी को फटा नोट बता डाला।
हर्षवर्धन ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की “कांग्रेस राहुल गांधी के नाम पर वोट मांग रही है, अरे भाई वह गड्डी में फटा हुआ नोट है, वह अब नहीं चलने वाला। लोग पहचान गए कि इससे कुछ नहीं होने वाला। हम तो दिन रात प्रार्थना करते हैं कि वे ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहें। जब तक वो अध्यक्ष रहेंगे भाजपा को कोई हरा नहीं सकता।”
इधर, उनके इस बयान पर Congress जमकर भड़क गई। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि राहुल गांधी के बारे में उनका यह बयान चांद पर थूकने जैसा है। यह बयान देने से पहले हर्षवर्धन को अपने राजनीतिक कद का एहसास कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लाख चाहने के बावजूद हर्षवर्धन सिंह लोकसभा उपचुनाव में टिकट नहीं पा सके और अब अपनी खीज निकाल रहे हैं।




