कमलनाथ ने दी पुलिस को चेतावनी, कहा- ‘वर्दी की इज्जत करिए वरना, देखेंगे आपकी वर्दी कितने दिन चलती है’

उज्जैन। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ सोमवार को महिदपुर पहुंचे। कमलनाथ ने महिदपुर में पुलिस को चेतावनी दे दी। उन्होंने कहा कि महिदपुर में पुलिस लोगों को परेशान कर रही है। पुलिस वालों को वर्दी की इज्जत करना सीख लेना चाहिए। वरना, कमलनाथ की चक्की देर से चलती है मगर बहुत बारीक पीसती है।

महिदपुर में आमसभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा कि 18 साल में शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को चौपट प्रदेश बनाकर रख दिया है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब चौपट हो गई है। इनके कार्यकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार बढ़ा है। कुछ महीने और फिर मध्यप्रदेश मे कांग्रेस की सरकार आ रही है। भविष्य आपके हाथ में है। मतदाता शिवराज सिंह के नाटक और घोटालों को देखते हुए फैसला करेंगे।

कमलनाथ ने सोमवार को सबसे पहले पदाधिकारियों की बैठक की। उसके बाद आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिदपुर वह क्षेत्र है, जहां मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार होता है। भ्रष्टाचार ऊपर से शुरू होकर नीचे तक पहुंचता है। इस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। मजदूर परेशान है। युवा बेरोजगारी से परेशान है। किसान खाद-बीज न मिलने से परेशान है। व्यापारी वर्ग भी नई-नई नीतियों के कारण परेशान हो रहे हैं। हमारी चिंता यही है कि मध्यप्रदेश को आखिर कैसे सुरक्षित रखा जा सके? धर्म के नाम पर जो राजनीति करते हैं, उन्होंने धर्म को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना लिया है। महाकाल लोक का घोटाला एक ऐसा घोटाला है, जिससे पूरे विश्व में मध्य प्रदेश सरकार कलंकित हुई है। मध्य प्रदेश की इस खोखली सरकार को विदा करने का समय आ गया है और हम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदा करने के लिए बिल्कुल तैयार है।

Exit mobile version