जबलपुर : इन 6 अस्पतालों से CMHO ने छीना Corona मरीज़ों का इलाज करने का अधिकार, सरकार के आदेशों को किया था नामंज़ूर

मध्यप्रदेश/जबलपुर : मध्य प्रदेश सरकार के आदेश पर सभी निजी अस्पतालों को आयुष्मान योजना से संबद्ध किया जाना हैं। इसके मद्देनजर सभी अस्पतालों को पंजीयन के लिए निर्देश दिया गया। लेकिन जबलपुर के मेडिसिटी अस्पताल, शिव सागर अस्पताल, आकांक्षा अस्पताल, ट्रू केयर अस्पताल, नर्मदा अस्पताल और शुभम अस्पताल ने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई और खुद को पंजीयन कराने से दूर रखा।
जिसके बाद मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने इन 6 अस्पतालों को कोविड-19 अस्पतालों की सूची से बाहर कर दिया हैं। अब ये छह अस्पताल कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज करने के लिए अधिकृत नहीं रह गए।।
सीएमएचओ ने आदेश जारी करते हुए कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार की अनुमति इन अस्पतालों के लिए निरस्त कर दी हैं।
हालांकि, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराते हुए डिस्चार्ज किया जाएगा और कोई भी नए कोरोना संक्रमित मरीजों का दाखिला इन अस्पतालों में नहीं होगा।
हैरत की बात है कि सरकार द्वारा निर्धारित आयुष्मान योजना की दरों को अस्पताल मानने को तैयार नहीं हैं। यानी आपदा के मौके पर ये अस्पताल मनमाना वसूली करना चाहते हैं और इनके हौसले इस कदर बुलंद हैं कि सरकार के आदेश को धता बता रहे हैं।
स्पष्ट है कि सरकार द्वारा निर्धारित रियायती दरों पर मरीजों का इलाज करना शायद इन अस्पताल को मंजूर न था। लेकिन इन अस्पतालों की नामंजूरी इन पर ही भारी पड़ गई और सीएमएचओ ने इन्हें कोविड-19 अस्पतालों की सूची से अलग कर दिया हैं।




