जबलपुर : एक दिन में कोरोना के सर्वाधिक टीके लगाने का बना नया रिकार्ड

जबलपुर/मयंक तिवारी – कोरोना वेक्सीनेशन अभियान के तहत जबलपुर जिले में एक दिन में सर्वाधिक टीके लगाने का रिकार्ड आज बुधवार 16 जून को दर्ज हुआ हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रत्नेश कुररिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देशानुसार कोरोना वेक्सीनेशन अभियान को गति देने बुधवार को जिले में कुल 162 सत्र आयोजित किये गये और 25 हजार व्यक्तियों को वेक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके विरुद्ध कुल 29 हजार 032 व्यक्तियों को कोरोना के टीके लगाए और 116 फीसदी उपलब्धि हासिल की गई। यह जबलपुर जिले में एक दिन में टीकाकरण की अब तक की सबसे बड़ी संख्या हैं।
एक दिन में सर्वाधिक टीके लगाने की इस उपलब्धि पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने कोरोना वेक्सीनेशन अभियान की पूरी टीम और स्वास्थ्य कार्यकर्त्ताओं को बधाई देते हुए टीकाकरण अभियान की इस गति को बनाए रखने का आव्हान किया हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ एस एस दाहिया के अनुसार वेक्सीनेशन अभियान के तहत गुरुवार 17 जून को जिले में कोवेक्सीन की दूसरी डोज के विशेष सत्र आयोजित किए जायेंगे। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रत्नेश कुरारिया ने संस्कारधानी के उन सभी जागरूक नागरिकों से जिनका कोवैक्सीन की दूसरी डोज ड्यु है निकट के टीकाकरण केंद्र जाकर वेक्सीन लगवाकर अपना पूर्ण टीकाकरण करवाने का आग्रह किया हैं।




