इंदौर : चूड़ी बेचने वाले ने की थी नाबालिग से छेड़छाड़, इसलिए हुई थी पिटाई, और भी हुए बड़े खुलासे, पढ़े यहां

इंदौर : रविवार शाम को इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में चूड़ी बेचने गए तस्लीम के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया था। अब इस मारपीट के मामले में एक नया नया एंगल सामने आया है। बताया जा रहा है कि इंदौर पुलिस ने सोमवार शाम नाबालिग की शिकायत पर तस्लीम पर छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को तस्लीम के पास से दो आधार कार्ड और एक वोटर आईडी कार्ड मिला है। एक आधार पर हिंदू नाम लिखा है, जबकि दूसरे पर मुस्लिम। वह यूपी का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से दो आधार कार्ड और एक वोटर आईडी बरामद किया गया है। तीनों आईडी में आरोपी के अलग-अलग नाम है। चूड़ी बेचने वाला उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में इंदौर के रानीपुरा स्थित मुसाफिर खाने में रुका हुआ था। घटना के बाद चूड़ी बेचने वाला सीधे रानीपुरा स्थित मुसाफिर खाने पहुंचा था, जहां पर उसने समाज के लोगों को घटना बताई थी। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में देर रात एक समुदाय के लोग सेंट्रल कोतवाली पहुंच गए थे।
इधर, प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी प्रशासन की रिपोर्ट का हवाला देकर कहा था कि युवक हिंदू नाम रखकर मोहल्ले में गया था। उसके पास से दो आधार कार्ड इसी तरह के मिले हैं। चूड़ी पहनाने पर लोगों ने पीटा था।
पुलिस ने बताया कौनसी वीडियो हुई थी वायरल
बाणगंगा पुलिस के अनुसार न्यू गोविंद कॉलोनी में रहने वाली 13 साल की बच्ची की रिपोर्ट पर आरोपी गोलू उर्फ तस्लीम उर्फ असलीम पुत्र मोहर अली उर्फ मोर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़ित बच्ची ने FIR में बताया कि राखी के दिन 22 अगस्त को उनकी कॉलोनी में चुड़ी बेचने वाला एक युवक आया था। बच्ची की मां ने जब आरोपी से उसका नाम पूछा तो उसने गोलू पुत्र मोहनसिंह बताया और वोटर आईडी कार्ड भी बताया।
इस पर मां-बेटी उससे चूड़ियां खरीदने लगी। कुछ देर बाद जब बच्ची की मां घर के अंदर पैसे लेने गई उस समय आरोपी ने बच्ची से कहा कि लाओ में तुम्हे चूड़ियां पहना दू। आरोपी ने बच्ची का हाथ पकड़ा और उसे बुरी नियत से छूने लगा। आरोपी ने बच्ची के गाल पर भी हाथ लगाया। इससे बच्ची घबरा गई और उसने शोर मचाया। शोर सुनकर बच्ची की मां और आसपास मौजूद अन्य लोग वहां आ गए। यह देख आरोपी युवक भागने लगा। इस पर वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी की इसी पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था।
दो गिरफ्तार, एक फरार
इस से पहले बाणगंगा पुलिस ने कहा कि यह वीडियो उनके क्षेत्र का नहीं है। इस पर एक समुदाय के लोग सेंट्रल कोतवाली में हंगामा कर पिटाई करने वालों पर एफआईआर की मांग की थी। पुलिस ने पिटाई करने वाले दो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार है। वहीं थाने में हंगामा करने वालों पर भी एफआईआर दर्ज किया गया है।




