सभी खबरें

खाद की समस्या पर किसानों और कांग्रेस नेताओं ने किया कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

  • आरोप है कि भाजपा नेताओं ने उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भेज दिया किसानों का खाद
  • बंडा विधायक ने किसानों के साथ मिलकर किया विरोध प्रदर्शन 

सागर:- सागर जिले में खाद की समस्या से जूझ रहे किसानों का आक्रोश सोमवार को कलेक्ट्रेट में फूटा. बंडा क्षेत्र में खेतों की जुताई कर खाद के लिए परेशान किसान कलेक्ट्रेट के पास विधायक को लेकर पहुंचे. जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट के गेट नंबर 2 के पास जमकर नारेबाजी की. कांग्रेस पार्टी से बंडा विधायक तरवर सिंह लोधी के साथ बड़ी संख्या में आए कांग्रेसी नेता और किसानों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के गेट नंबर 2 के बाहर जमीन में बैठकर जमकर नारेबाजी की. पहले तो विधायक के पास सिटी मजिस्ट्रेट सीएल वर्मा आए लेकिन विधायक ने कलेक्टर से ही सीधे बात करने का कहकर उन्हें वापस भेज दिया. इसके बाद अपर कलेक्टर अखिलेश जैन विधायक के पास पहुंचे और जमीन पर बैठ कर उनकी समस्याएं सुनी. विधायक ने उन्हें सारी समस्याएं बताते हुए कलेक्टर दीपक आर्य को ही ज्ञापन सौंपने की बात कही. जिसके बाद कलेक्टर दीपक आर्य मौके पर पहुंचे और विधायक व कांग्रेसी नेताओं से खाद बीज की समस्या सुनकर उन्हें 24 घंटे के भीतर खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. जिसके बाद विधायक ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और उनसे अपेक्षा की कि वह बंडा सागर जिले के प्रत्येक किसानों तक जल्द से जल्द खाद पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे. 

आरोप, उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भेजा गया खाद
बंडा क्षेत्र में खाद की समस्या को लेकर क्षेत्रीय किसानों ने बंडा विधायक तरवर सिंह लोधी के साथ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान बंडा विधायक ने बताया कि बंडा-शाहगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में डीएपी खाद का अभाव होने पर कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं.आरोप लगाया कि बंडा क्षेत्र में आवंटित खाद को भाजपा नेताओं के इशारे पर उपचुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों में भेज दिया गया है. जिस कारण यहां खाद की किल्लत हो गई है.

तो करेंगे चक्काजाम
खाद न मिलने से किसान बोनी नहीं कर पा रहे हैं. कुछ लोग खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं. वहीं विधायक ने मांग की है कि किसानों के लिए जो किसान फीडर के लिए जो रात्रि में 10 घंटे बिजली प्रदाय की जा रही है वह दिन में दी जाए. किसानों के साथ विधायक ने चेतावनी दी है कि तीन दिन के अंदर यदि डीएपी खाद की आपूर्ति नहीं की गई तो विधानसभा क्षेत्र के सभी मार्गों पर चक्काजाम किया जाएगा. 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button