सभी खबरें

बीड़ी बनाकर पढ़ने वाले डॉ प्रभुराम चौधरी बताएं साढ़े तीन करोड़ के मालिक कैसे बने- जिलाध्यक्ष देवेंद्र पटेल

रायसेन से अमित दुबे की रिपोर्ट – बेगमगंज में जन्मा और बीड़ी बनाकर पढ़ाई करने वाला एक गद्दार साढ़े तीन करोड़ का आसामी कैसे बन गया? कांग्रेस सवाल उठाती है कि आखिर सांची के भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रभुराम चौधरी ने अपने चुनावी हलफनामे में अपने बेटे-बेटियों की संपत्ति का ब्यौरा क्यों छिपाया? कैसे उनकी आय बीते 2 साल में 40 लाख रुपए से ज्यादा बढ़ गई? मुझे एक बीड़ी बनाने वाला बता दीजिए जो प्रभुराम की तरह इतने कम समय में अमीर बन गया हो। ये सवाल रायसेन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष  देवेंद्र पटेल ने गुरुवार को सांची में आयोजित पार्टी की चुनावी सभा में उठाए। इस सभा में कमलनाथ सरकार में कृषि मंत्री रहे सचिन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने किसान कर्जमाफी समेत कमलनाथ सरकार की जनहितैषी योजनाओं से जनता को अवगत कराया।  यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी  मदन लाल चौधरी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर भाजपा की नीति-रीति से खफा करीब 100 लोगों ने कांग्रेस का हाथ थामा।

 

 

आपके एक वोट से दो गद्दार निपटेंगे – पटेल

जिलाध्यक्ष  देवेंद्र पटेल ने कहा कि जिसने लोकतंत्र की हत्या की और जनता के विश्वास को 35 करोड़ रुपए में बेचकर भाजपा की गोद में बैठकर मंत्री बन गया। ऐसे गद्दारों को जनता हाथ का बटन दबाकर सबक सिखाएगी। आपके एक वोट से दो गद्दार निपटेंगे, एक सांची और दूसरा झांसी का। जनता कभी बिके हुए माल को पसंद नहीं करती है। आने वाली 10 नवंबर को प्रदेश में पुनः कांग्रेस की सरकार बनेगी।

जनता भारी भरकम बिलों से परेशान : भार्गव

विदिशा विधायक शशांक भार्गव ने वोट हमारा, नोट तुम्हारा का नारा देते हुए मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार को नोटों की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा पहले किसानों की कर्जमाफी के वादे करती थी, लेकिन अब उनका नारा है कि बन गई सत्ता बन गई बात अब काहे का कर्जा माफ। शिवराज में प्रदेश की जनता बिजली के भारी भरकम बिल और भ्रष्टाचार से परेशान है। 

ये नेता भी हुए सांची की सभा में शामिल

सांची उपचुनाव प्रचार अभियान के मद्देनजर हुई सभा में भरतपुर से आए एआईसीसी के ऑब्जर्वर गिरीश चौधरी, मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुमताज खान, छिंदवाड़ा के सौंसर विधायक  विजय चौरे समेत अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं व मतदाता बंधुओं ने उपस्थिति दर्ज कराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button