सभी खबरें

पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग : अब होली के बाद बड़े आंदोलन की तैयारी, ये है रणनीति

भोपाल : पेंशन योजना बहाली की मांग को लेकर रविवार को भोपाल के कलियासोत ग्राउंड पर कर्मचारियों का बड़ा आंदोलन होने वाला था। इसे लेकर कर्मचारी संगठन पिछले एक महीने से तैयारियां कर रहे थे। आंदोलन के संबंध में पुलिस से अनुमति भी ली गई थी। लेकिन पुलिस ने इसे निरस्त कर दिया था। जिसके बाद कोर्ट के पास दो कर्मचारी संगठन बड़ा आंदोलन करने वाले थे। 

लेकिन पुलिस ने बाहर से आने वाले कर्मचारियों को भोपाल की सीमा पर ही रोक दिया था। इससे दोनों ही प्रदर्शन नहीं हो सके थे। वहीं, सख्ती से कर्मचारियों में नाराजगी है और अब होली के बाद बड़े आंदोलन करने की रणनीति बनाई जा रही है। काम बंद हड़ताल भी की जा सकती है।

वहीं, प्रगतिशील संयुक्त कर्मचारी कल्याण संघ के प्रांतीय संयुक्त सचिव जितेंद्र खरे ने बताया, आंदोलन की ऐनवक्त पर परमिशन निरस्त कर दी गई और कर्मचारियों पर दवाब बनाया गया, लेकिन पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा जारी रहेगा। होली के बाद काम बंद हड़ताल करेंगे। इसे लेकर सहयोगी संगठनों से चर्चा कर रहे हैं।

बता दे कि पुलिस ने जिस ग्राउंड पर होने वाले प्रदर्शन की अनुमति निरस्त की, वहां 7 मार्च को मध्यप्रदेश मजदूर संघ के बैनरतले बड़ा प्रदर्शन हो चुका है। हालांकि, इस बार पुलिस ने निरस्त करने के पीछे कर्मचारियों की संख्या को बड़ा आधार बताया है। पुलिस ने कहा था कि भीड़ आने से सड़कों पर जाम लगने की संभावना है। इसलिए अनुमति निरस्त की जाती है। बावजूद प्रदर्शन होता है तो कार्रवाई की जाएगी।

जिसके बाद राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संघ ने प्रदेश के सभी जिलों में 13 मार्च को आक्रोश रैली निकालने की बात कही थी। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button