मुरुम के खदान में मिला युवक का शव, सिर में गहरे घाव से हत्या की आशंका
.jpg)
मुरुम के खदान में मिला युवक का शव, सिर में गहरे घाव से हत्या की आशंका
रीवा:
रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के भलुहा गांव स्थित मुरुम के खदान में युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई। मंगलवार की सुबह खदान के पास से गुजर रहे लोगों ने शव देखने के बाद आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाने के साथ ही तफ्तीश में जुट गई।
पुलिस ने खदान से शव को बाहर निकलवाते हुए शिनाख्ती के प्रयास शुरू किए। घटना स्थल के समीप मिली बाइक के नंबर के आधार पर युवक के नाम, गांव का पता लगाने का प्रयास किया गया। ऐसे में मृतक की फोटो आसपास के थानों सहित सोशल मीडिया में वायरल की गई। तब कहीं जाकर 4 घंटे बाद युवक की पहचान हो सकी है।
रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी मृगेन्द्र सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे भलुआ गांव की एक खदान में शव मिलने की सूचना आई थी। घटना की तस्दीक करने पहुंची पुलिस को खदान में एक शव व खदान के बगल से एक बाइक बरामद हुई। शव बाहर निकलवाया तो युवक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। ऐसे में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। कयास लगाया जा रहा है कि युवक के साथ मारपीट भी हुई है। लेकिन अभी तक पुलिस कुछ भी स्पष्ट करने की स्थिति में नहीं है।
प्रतीत हो रहा है कि युवक कि हत्या किसी धारदार हथियार से की गई हो। फिलहाल सोशल मीडिया व आसपास के थानों के माध्यम से युवक की शिनाख्त मकसूद अली पिता मंजूर अली (35) निवासी निपनिया के रूप में हुई है। इधर थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है।



