सभी वर्गों को साधने में जुटी कांग्रेस: PCC चीफ ने की बड़ी घोषणा

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस समाजों और वर्गों को लुभाने की कोशिश कर रही हैं। इसी कड़ी में एमपी कांग्रेस भी अलग-अलग वर्गों को साधने में जुटी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोजपुरी समाज को सौगात देने की बात कही है। साथ ही सेन महाराज के जयंती पर सेन आयोग गठन करने की घोषणा की है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि मध्य प्रदेश के विकास में भोजपुरी समाज का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही भोजपुरी समाज को उनकी माँग के अनुरूप सामाजिक कार्यों के लिये भूमि का आवंटन किया जायेगा। कांग्रेस सरकार ने ही प्रदेश में छठ महापर्व का ऐच्छिक अवकाश प्रारंभ किया था।

वहीं कमलनाथ ने सेन जयंती पर एक और वादा किया है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह सेन जयंती पर भोपाल में महाराज सेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान कमलनाथ ने कहा कि सेन समाज के लिए अलग से बोर्ड का गठन किया जाएगा। कांग्रेस की सरकार बनते ही महाराज सेन के जन्मस्थल बांधवगढ़ में स्मारक बनाई जाएगी। उन्होंने सेन समाज के लोगों से कहा अब ज्यादा इंतजार करने की जरूरत नहीं है। बता दें कि मध्यप्रदेश कांग्रेस महिलाओं के लिए भी अलग से वचन पत्र तैयार कर रही है। पार्टी इसके जरिए महिलाओं को साधने की कोशिश करेगी। इस वचन पत्र में महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के साथ परिवार पर महंगाई का बोझ कम करने के लिए तीन सौ रुपये में तीन सौ यूनिट बिजली देने और स्वरोजगार के लिए अलग से योजना लागू किए जाने की घोषणा भी होगी।

Exit mobile version