Barwani : स्वयं के लिए तो पशु भी जीता है पर समाज, राज्य और देश के लिए जीना, हम मनुष्यों का ही गुणधर्म हैं : सीएमओ

बड़वानी से हेमंत नाग्झिरिया कि रिपोर्ट
चाहे सन 2014 में नर्मदा में गिरी तूफान में डूबकर असमय मृत्यु को प्राप्त हुए 5 लोगों को गहरे पानी से निकालने की बात हो या पिछले वर्ष 2019 में सरदार सरोवर की बैक वाटर के कारण बिजली के तार से चिपक कर जान गवाने वालों को नाव से जाकर बिजली के तार से छुड़ाने की बात हो। और वर्तमान समय में कोरोना से जंग। वे हमेशा सबसे आगे और सबसे पहले खड़े मिलते हैं।
हम बात कर रहे हैं बड़वानी नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह डोडवे की, जिन्होंने हमेशा अपने कार्यों से जहां लोगों में उत्साह का संचार किया है वहीं साथ काम करने वालों को भी अपना दायित्व पूरी ईमानदारी से निभाने की प्रेरणा दी है।
वर्तमान समय में भी हम अपने घर, गली के आसपास उन्हें खुद पीठ पर सोडियम हाइपोक्लोराइट का स्प्रे पंप लादकर, उसका स्प्रे करते हुए देख सकते हैं । पहली बार देखने में हमें लग सकता है कि यह खुद क्यों कार्य कर रहे जब इनके पास कार्य करने हेतु पर्याप्त स्वच्छता दूत ( सफाई कामगार ) मौजूद है।
इस पर श्री डोडवे का कहना है कि वर्तमान समय में कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण अच्छे-अच्छे लोग डरे हुए हैं, कोरोना वायरस के प्रसार की तीव्रता को देखते हुए लोग अपने घरो की आंगन, परिसरों को भी साफ करने से डर रहे हैं। ऐसे समय में नगर की नालियों, सड़कों की सफाई , नालियों में कीटनाशक पाउडर एवं दवाई का स्प्रे, गलियों को सेनीटाइज करने के लिए सोडियम हाइपोक्लोराइट का स्प्रे, स्वच्छता दूत सफलतापूर्वक सुबह 6 बजे से करना प्रारंभ कर देते हैं। ऐसे में मेरा उनके साथ मिलकर कार्य करना जहां उन्हें अपने पदेन दायित्वों को और बेहतर करने तथा अपने फर्ज पर डटे रहने को प्रोत्साहित करता है , वही मुझे भी अपने पदेन एवं सामाजिक दायित्वों को निभाने का अवसर प्रदान करता है।

उनका कहना है कि अपने स्वयं के लिए तो पशु भी जीता है पर समाज, राज्य और देश के लिए जीना, हम मनुष्यों का ही गुणधर्म हैं भला इससे कोई कैसे जी चुरा सकता है।




