किसान आंदोलन के पीछे है "चीन और पाकिस्तान" का हाथ, पहले भी देश में मुसलमानों को भड़काया गया – केंद्रीय मंत्री
महाराष्ट्र – तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लेने के विरोध में किसानों का केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज़ होता जा रहा हैं। सरकार जहां कृषि कानूनों को वापस ना लेने पर अड़ी है तो किसान कृषि कानून को रद्द किए जाने की मांग पर अडिग हैं। वहीं, इन सबके बीच केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने एक बड़ा दावा कर एक बड़ा बयान दे डाला, जिसने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी हैं।
केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने इस किसान आंदोलन के पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ बताया। उन्होंने कहा, ''जो आंदोलन चल रहा है, वह किसानों का नहीं है. इसके पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ हैं। उन्होंने कहा कि अब किसानों को बताया जा रहा है कि नए कानूनों के कारण उन्हें नुकसान होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस देश में मुसलमानों को पहले भड़काया गया। (उन्हें) क्या कहा गया? एनआरसी आ रहा है, सीएए आ रहा है और छह माह में मुसलमानों को इस देश को छोड़ना होगा। क्या एक भी मुस्लिम ने देश छोड़ा?” उन्होंने कहा,'''' वे प्रयास सफल नहीं हुए और अब किसानों को बताया जा रहा है कि उन्हें नुकसान सहना पड़ेगा। यह दूसरे देशों की साजिश हैं।
दानवे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के प्रधानमंत्री हैं और उनका कोई भी निर्णय किसानों के खिलाफ नहीं होगा। बता दे कि दानवे ने महाराष्ट्र के जालना जिले के बदनापुर तालुका में कोल्टे तकली स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन के दौरान ये बातें कहीं।