बीजेपी विधायक ने सांसद गणेश सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा, बोले- ऐसे राक्षसों का विनाश करने ही राजनीति में आया हूं

सतना। सतना जिले में भाजपा की अंदरुनी कलह चुनाव के पहले सामने आ गई है। जिले की मैहर विधासनभा सीट से बीजेपी विधायक नाराणय त्रिपाठी ने सतना से बीजेपी सांसद गणेश सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।विधायक ने सांसद को खरी-खरी सुनाते हुए राजनैतिक प्रोटोकॉल का पालन करने और घमंड छोड़ने की नसीहत दी है। विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे ही राक्षसों के लिए मैं राजनीति में आया हूं। मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे और सुधार न हुआ तो सांसद का मैहर में प्रवेश बंद कर देंगे।
रविवार को विधायक नारायण त्रिपाठी ने अपने जन्मदिन पर मैहर सिविल अस्पताल में आगम एवं निर्गम द्वार और ट्रॉमा सेंटर लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विधायक ने आरोप लगाए कि सांसद गणेश सिंह ने लोकार्पण रोकने की कोशिश की। विधायक ने कहा कि सांसद हर काम में टांग अड़ाने का प्रयास करते हैं। जब लोकार्पण की सभी तैयारियां पूरी हो गईं, और हम वहां पहुंचे तो सांसद ने अधिकारियों को फोन पर कहा कि लोकार्पण मंत्री करेंगे, लेकिन कब कौन मंत्री करेंगे यह नहीं बताया।
विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा, जब काम हमारे प्रयास से हो रहे हैं तो उसके भूमि पूजन, लोकार्पण पर निर्णय लेने वाले सांसद कौन होते हैं? विधायक का भी प्रोटोकॉल होता है। राज्य शासन की योजना और पैसे से होने वाले कार्यों का शिलान्यास, भूमि पूजन, लोकार्पण विधायक करते हैं। लेकिन किसी भी विधायक का क्षेत्र हो सांसद वहां टेढ़े-मेढ़े चलते हुए छाती फुलाकर पहुंच जाते हैं। सांसद अपनी योजनाओं, अपने काम का शिलान्यास – लोकार्पण करें, विधायकों के कामों का नहीं।
विधायक नारायण ने कहा कि घमंड तो रावण का भी चूर हो गया था, फिर ये तो कुछ नहीं है। अगर सुधार नहीं हुआ तो इसका खामियाजा आने वाले समय में चुनाव में, पूरी भाजपा को भोगना पड़ेगा। इसलिए अभी समय है, सांसद घमंड छोड़ दें और सुधर जाएं। गणेश सिंह चार बार सांसद अपने कर्मों से नहीं बने हैं। भाजपा का कुछ दौर ही ऐसा था। तीसरी बार तो हमारे कारण सांसद बने, वर्ना ये जो लूट कर साम्राज्य खड़ा किया गया है, वह खड़ा न होता।




