भोपाल : पार्क की जमीन को लेकर विवाद, दिग्विजय सिंह और पीसी शर्मा को रोकने के लिए पुलिस ने किया वाटर कैनन का प्रयोग

मध्यप्रदेश/भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र में एक पार्क की जमीन आरएसएस से जुड़ी हुई संस्था को अलाट हुई है और कांग्रेस का विरोध इस बात को लेकर है कि यदि आरएसएस से जुड़ी संस्था इस जमीन का उपयोग करेगी तो पार्क मिट जाएगा। वे प्रशासन और पुलिस से कह रहे थे कि पाक को सुरक्षित रहने दिया जाए और आरएसएस से जुड़ी संस्था को कोई दूसरी जमीन दे दी जाए।
इसी बीच आज इसके शिलान्यास को लेकर विवाद हो गया हैं। कांग्रेस का आरोप है कि आरएसएस पार्क में शिलान्यास कार्यक्रम करना चाहती है और इसे रोकने के लिए कांग्रेसी बड़ी संख्या में पार्क के पास पहुंची थे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी दौरान डीआईजी इशरत वली और दिग्विजय सिंह के बीच तीखी नोकझोक भी हुई।
हालांकि भारी पुलिस बल के साथ मौजूद डीआईजी इशरत वली और कलेक्टर अविनाश लवानिया ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन के साथ दिग्विजय सिंह की बहस चलती रही और फिर कांग्रेसियों को हटाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। इसके बाद कांग्रेसी तितर बितर हो गए।
इस से पहले दिग्विजय सिंह के साथ कल डीआईजी की तीखी बहस हुई और दिग्विजय सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पार्क में आर एस एस ने शिलान्यास किया तो हम उसे तोड़ देंगे। इस पर डीआईजी ने भी कहा कि हम आप पर नजर रखेंगे।




