भोपाल महापौर चुनाव : बड़ी जीत दर्ज करने वाली मालती राय को अपनों ने नाकारा, विभा पटेल के साथ भी रहा कुछ ऐसा

भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की नई मेयर मालती राय भले ही 98 हज़ार से ज़्यादा वोटों से जीती हो, लेकिन उनको अपने गृह वार्ड-36 से हार का मुंह देखना पड़ा, जबकि यहां से उतरे बीजेपी के पार्षद ने 1211 वोटों से जीत हासिल की।
बता दे कि नवनिर्वाचित मेयर राय के अपने वार्ड से यह पहली हार नहीं है। इससे पहले वे पार्षद के दो चुनाव हार चुकी हैं। हालांकि, अबकी बार अपने वार्ड से जीतने के लिए उन्होंने और पार्टी नेताओं ने खूब जोर लगाया था। CM शिवराज सिंह चौहान ने यहां रोड शो किया था, तो चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग बूथ लेवल पर मॉनिटरिंग कर रहे थे। बावजूद इसके उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
भोपाल की नई महापौर मालती राय अशोका गार्डन में रहती हैं। इस वार्ड से महापौर के लिए विभा को 5,918 और मालती को 5,428 वोट मिले। मालती को वार्ड से 490 वोटों से हार झेलना पड़ी। जबकि, इसी वार्ड से बीजेपी के गीता प्रसाद माली ने निर्दलीय मो. राजिद को 1211 वोटों से हराया। कांग्रेस यहां तीसरे नंबर पर रही।
ऐसे ही हालात कांग्रेस की मेयर कैंडिडेट रहीं विभा पटेल के साथ भी बने। वे भी अपना वार्ड नहीं बचा सकीं। वार्ड-52 के विद्यानगर में रहने वाली विभा को अपने वार्ड से 2,539 वोट मिले, जबकि मालती को 7,331 वोट हासिल हुए। इस तरह विभा के वार्ड से मालती ने 4,792 वोटों से जीत दर्ज की।
इतना ही नहीं विभा पटेल न सिर्फ वार्ड-52, बल्कि आसपास के वार्डों से भी चुनाव हार गईं। वार्ड-53 से वे 2,647, वार्ड-54 से 2,559 और वार्ड-55 से 2,588 वोटों से हारीं। मालती राय ने आसपास के वार्डों से जीत हासिल की।
गौरतलब है कि मालती राय को कुल 4 लाख 59 हजार मिले वोट मिले है। जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी विभा पटेल को 3 लाख 61 हजार वोट मिले है। यानी मालती राय ने 98,845 वोटों से महापौर चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की।