सभी खबरें

भोपाल : BJP कार्यालय के सामने प्रदर्शन करना चयनित शिक्षकों को पड़ा भारी, इन धाराओं के तहत 27 शिक्षकों के खिलाफ FIR दर्ज 

भोपाल : बुधवार की दोपहर अपनी पदस्थापना समेत अन्य मांगों को लेकर मध्यप्रदेश के करीब डेढ़ हजार चयनित महिला पुरुष शिक्षको ने बगैर अनुमति के बीजेपी कार्यालय (BJP Office) के सामने उग्र प्रदर्शन किया था। इस मामले में 27 शिक्षकों के खिलाफ IPC की धारा 341, 147, 269 और 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

दरअसल 2018 में संविदा शिक्षक वर्ग 1 के 19200 और वर्ग 2 के 11200 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। बाद में 2200 पद और जोड़े गए थे। इन सभी के परिणाम 2019 में आ गए लेकिन आज तक किसी भी शिक्षक को नियुक्ति नहीं दी गई। इन शिक्षकों का कहना है नियुक्ति नहीं मिलने के कारण  उनके परिवार के सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि वे अब तक लगभग 15 बार प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन कमलनाथ सरकार से लेकर शिवराज सरकार तक किसी ने उनकी अभी तक नहीं सुनी है।

बता दे कि इनमें कई महिलाएं अपने हाथ में राखी लेकर पहुंची थी और उनकी यह इच्छा थी कि वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधकर अपनी मांग उनके सामने रखें। सीएम शिवराज तो नहीं पहुंचे लेकिन कांग्रेस के नेता जीतू पटवारी आंदोलन स्थल पर जरूर पहुंचे और महिलाओं से राखी भी बंधवाई। शिक्षा विभाग के अधिकारी इन लोगों को समझाने वहां पहुंचे थे लेकिन उन्हें भी बैरंग लौटा दिया गया।

वहीं, इस मामले पर कांग्रेस मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने शिवराज सरकार को घेरा, उन्होंने कहा कि हाथों में राखी लिए आई महिलाओं को हथकड़ियां पहनाई गई। नियुक्तियां मांगने वालों के खिलाफ 1500 एफआईआर दर्ज की गई, नौजवान बेरोज़गारों को लाठियों से पीटा गया, सड़कों पर घसीटा गया। 
उन्होंने पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पुलिस हमीदिया अस्पताल से चोरी हुए रेमडेसिविर इंजेक्शन का मामला नहीं सुलझा पा रही है वो पुलिस इन छोटे छोटे नौजवानो पर लठ बरसा रही है उनको घसीट रही है, यही देखना रह गया था बस अब मध्यप्रदेश में। उन्होंने कहा कि ये मानव अधिकारों का खुला हनन हैं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button