बड़वानी – ग्रामीण क्षेत्र में किया कोरोना वायरस के लिए जागरूकता कार्यक्रम

बड़वानी से हेमंत नागझिरिया की रिपोर्ट – चाइल्ड लाइन टीम ने बंधान, ग्वालबेड़ा व नानी बड़वानी में घर – घर जाकर कोरोना वायरस से बचाव व सावधानियों के बारे में बताया साथ ही बच्चों व बड़ो को भी चाइल्ड लाइन हेल्प नम्बर 1098 से अवगत कराया।
इस दौरान चाइल्ड लाइन के पदाधिकारियों ने बच्चो एवं ग्रामीणो को कोविड – 19 वायरस से किस प्रकार बचाव संभव है इसके लिये क्या सावधानियां रखना है इसके बारे में विस्तार से बताया। वही ग्रामीणो को अवगत कराया कि ऐसे प्रवासी मजदूर जिनके घर भोजन की पर्याप्त व्यवस्था नही है वे भी 1098 के माध्यम से इस समस्या का निवारण प्राप्त कर सकते है। इस दौरान टीम के सदस्यों ने ग्रामीणो को बताया कि यदि ग्राम में किसी को भी खांसी, सर्दी ,बुखार या गले में खराश जैसी कोई समस्या है तो इसकी भी जानकारी ग्राम के सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को देकर समुचित इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकते है।
इस दौरान चाइल्ड लाइन जिला समन्वयक ने बच्चों के हाथो को साबुन से किस प्रकार साफ किया जाये इसे भी करके दिखाया व उपस्थितो को समझाया कि सभी को कम से कम 20 सेकण्ड हाथो में साबुन लगाकर साफ करना चाहिये। इससे हम कोरोना वायरस के प्रसार को सफलतापूर्वक रोक सकते है।
कार्यक्रम में चाइल्ड लाइन की जिला समन्वयक ललिता गुर्जर व टीम सदस्य ब्रज सूलेखे , गणेश वर्मा, कोमल गांठे, भोपा राठौर भी उपस्थित थे।




