बैजनाथ सिंह ने बीजेपी से दिया इस्तीफा, अब कांग्रेस की सदस्यता करेंगे ग्रहण, कहा- बीजेपी पार्टी में भ्रष्टाचार हावी

प्रणय शर्मा, भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले किसी भी नेता का पार्टी से इस्तीफ़ा देना बहुत ही बड़ा झटका मालूम होता है। वही, शिवपुरी जिले में असंतुष्ट बीजेपी नेताओं का पार्टी छोड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के एक और नेता बैजनाथ सिंह यादव के 14 जून को कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। साथ ही बैजनाथ सिंह यादव ने बीजेपी में कार्यकर्ताओं की सुनवाई न होना और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
बैजनाथ सिंह यादव शिवपुरी जिले के बड़े नेताओं में से एक हैं। बैजनाथ सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन की थी। कुछ दिनों से सिंधिया और बैजनाथ सिंह के बीच भी दूरियां हैं। बीजेपी ने बैजनाथ सिंह यादव को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया था। राजनीतिक सूत्रों ने बताया है कि बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैजनाथ सिंह यादव कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। साल 2020 में हुए दल-बदल के चलते बैजनाथ सिंह यादव ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। लेकिन बीजेपी में उनकी ज्यादा पूछपरख नहीं हुई। केवल प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया।
बैजनाथ सिंह यादव ने कहा है कि वह 14 जून को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं और उन्होंने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, दूसरी ओर बीजेपी की ओर से प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने उन्हें नोटिस दिया है और उन्हें नोटिस देते हुए उनके पार्टी छोड़ने की सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को लेकर जवाब-तलब किया है।
बताया जा रहा है कि भोपाल में पीसीसी कार्यालय में उनकी कांग्रेस में वापसी का कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के बड़े नेता कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह सहित अन्य कांग्रेश नेता उपस्थित रहेंगे।




