
प्रणय शर्मा,भोपाल। मध्य प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी सतपुड़ा भवन, जो की राजधानी भोपाल में स्थित है। सोमवार को वहां लगी आग से करीब 25 करोड़ का फर्नीचर और 12 हजार से ज्यादा अहम फाइले जलकर खाक हो गई। मतलब राज्य निदेशालय के लगभग 80 फीसदी दस्तावेज खाक हो गए। आग लगने के समय भवन के अंदर एक हजार से ज्यादा लोग थे, लेकिन उन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शिकायत शाखा में कोरोना काल के दौरान अस्पतालों को किए गए भुगतान के दस्तावेज भी रखे हुए थे साथ ही यहां लोकायुक्त और ईओडब्ल में दर्ज शिकायतों की भी फाइलें थीं जो कि सब आग में जलकर स्वाहा हो गई।
दरअसल, वीकेंड के बाद सोमवार को हर बार की तरह सतपुड़ा भवन में काम-काज चल रहा था। अधिकारी कर्मचारी अपने-अपने काम में लगे हुए थे। दफ्तर से छूटने का भी समय होता जा रहा था कि अचानक शाम 4 बजे के आसपास भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित जनजातीय कार्य विभाग में आग धधक उठी। कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही लपटों ने फर्नीचर समेत दस्तावेजों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही बिल्डिंग में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई। एयरकंडीशनर में हुए शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब इस भवन में आग लगी है। इससे पहले भी साल 2018 में विधनसभा चुनाव के ठीक बाद और साल 2012 में चुनाव के पहले इसी भवन की तीसरी मंजिल धधक उठी थी। अब फिर चुनाव से 4 महीने पहले लगी आग को विपक्षी दल कांग्रेस ने साजिश करार कर दिया है। जबकि सुबह के सत्तारूढ़ दल बीजेपी ने कहा है कि इस कार्यालय में कोई संवेदनशील दस्तावेज नहीं थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के नजदीक बने दफ्तर में आग लगने की सूचना सीएम शिवराज सिंह चौहान को दी गई। सीएम शिवराज ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मदद की गुहार लगाई। देश के गृहमंत्री अमित शाह से भी बात की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस घटना और आर्मी, एयरफोर्स, भेल, सीआईएसएफ की मदद से अवगत कराया। उधर से प्रधानमंत्री ने भी मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इसी कड़ी में सतपुड़ा भवन में आग लगने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बड़े सवाल उठाए हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा कि प्रियंका गांधी ने आज घोटाले गिनाए, तो सतपुड़ा भवन में आग लग गयी। कई महत्वपूर्ण फाइलें खाक हुईं। कहीं आग के बहाने घोटाले के दस्तावेज जलाने की सजिश तो नहीं की गयी है… अरुण यादव ने आगे लिखा- आज प्रियंका गांधी जी ने जबलपुर में “विजय शंखनाद रैली” में घोटालों को लेकर हमला बोला तो सतपुड़ा भवन में भीषण आग लग गई जिसमें महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख हो गई हैं। यह आग मप्र में बदलाव के संकेत दे रही है।