हां, मैं एक्टर हूं और मोदी जी डायरेक्टर….आप ही बताए क्या रौतेला मुख्यमंत्री अच्छा लगता है? CM Shivraj

खंडवा : बुधवार को खंडवा जिले की एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर तंज कसते हुए उन्हें फिल्म एक्टर बताया था। साथ ही, ये भी कहा था कि, उन्हें मुंबई चले जाना चाहिए। इस दौरान कमलनाथ ने पीएम मोदी को डायरेक्टर कहा था, तो वहीं, सीएम शिवराज को एक्टर। हालांकि, ये पहली बार नहीं था जब कमलनाथ ने सीएम को एक्टर कहा हो, इस से पहले भी कई बार वो सीएम शिवराज को एक्टर बताते हुए उन्हें मुंबई जाने की सलाह दे चुके है।
वहीं, गुरुवार को खंडवा लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में प्रचार करने के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कमलनाथ की इस टिप्पणी पर पलटवार किया। सीएम शिवराज ने कहा कि, कमलनाथ मुझे एक्टर और प्रधानमंत्री को डायरेक्टर कहते हैं। हां, मैं एक्टर हूं. मैं पूरे निमाड़ क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाएं लेकर आ रहा हूं। मोदी जी डायरेक्टर हैं। हमारा डायरेक्टर दुश्मनों की सीमा में घुसकर एयरस्ट्राइक करता है। वो छोटे किसानों को भी 6 हजार रुपए पहुंचा रहे हैं। मैं एक्टर हूं, मैंने उसमें 4 हजार रुपए जोड़े, 23 तारीख को फिर डालूंगा। लेकिन, कांग्रेस इसका भी विरोध करेगी।
सीएम ने आगे कहा कि कमलनाथ को जानना चाहिए इसी डायरेक्टर ने दुनिया में भारत का नाम और मान बढ़ाया। कोरोना से देश की रक्षा की, गरीब कल्याण की योजनाएं शुरू कीं, किसानों के खातों में हर साल 6000 रुपए भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि ''कमलनाथ आजकल गर्म नजर आ रहे हैं। लेकिन, जब सीएम थे, तो कहते थे कि मेरे पास पैसा नहीं है। इस दौरान शिवराज सिंह ने जनता से सवाल किया कि, कमलनाथ तो रोते रहते थे, आप ही बताओ क्या रौतेला मुख्यमंत्री अच्छा लगता है?
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रदेश का चुनावी पारा भी बढ़ता जा रहा है। भाजपा-कांग्रेस के नेताओं के बीच वार-पलटवार भी तेज हो गए हैं। प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने पहुंच रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ लगातार जनसभाएं करते हुए एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं।




