सभी खबरें

अखिलेश यादव और आजम खान देंगे विधायक पद से इस्तीफा? पार्टी को नहीं होने देना चाहते कमज़ोर

उत्तर प्रदेश : बीजेपी ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 255 सीटों पर फतह हासिल की है। वहीं, समाजवादी पार्टी के खाते में 111 सीटें आई हैं। इस बीच जानकारी मिली है कि समाजवादी के प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान लोकसभा सदस्य बने रहेंगे। बताया जा रहा है कि अभी लोकसभा में समाजवादी पार्टी के केवल 5 सदस्य हैं और सियासी माहौल को देखते हुए पार्टी लोकसभा में कमजोर नहीं होना चाहती। ऐसे में अखिलेश यादव और आजम खान विधानसभा सदस्य से इस्तीफा दे सकते हैं। 

चुनाव नतीजों के बाद अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जो भ्रम और छलावा फैलाया है वह आधे से ज्यादा दूर हो गया है, बाकी कुछ दिनों में दूर हो जाएगा। इस दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी की सीटें ढाई गुनी और मत प्रतिशत डेढ़ गुना बढ़ाने के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि भाजपा का यह घटाव निरन्तर जारी रहेगा। 

गौरतलब है कि गुरुवार यानी 10 मार्च को 5 राज्यों के चुनावी नतीजे घोषित किए गए, जिसमें 4 राज्यों में भाजपा का परचम लहराया, जबकि 1 राज्य में आप ने सबका सूपड़ा साफ़ कर दिया। बता दे कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के नतीजे घोषित किए गए थे। जिसमें पंजाब में आप ने कब्ज़ा जमाया, जबकि बाकि राज्यों में भाजपा की बड़ी जीत हुई। इन 5 राज्यों में देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button