हमें उम्मीद नहीं थी सिंधिया भी बिक जाएंगे, वो हमारे लिए चुनौती नहीं : दिग्गी राजा

ग्वालियर : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा जाति और धर्म देखकर दमन कर रही है, ये अब बर्दाश्त नहीं होगा। महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हिन्दू मुसलमान जैसी मुद्दे लेकर आ रही है, जिसका जवाब जनता उसे देगी और कांग्रेस जनता की आवाज बनेगी।
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर भी बड़ा बयान दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि सिंधिया जी बिक जायेंगे। सिंह ने कहा कि सिंधिया जी हमारे लिए चुनौती नहीं है क्योंकि चुनौती व्यक्ति नहीं होता। चुनौती भाजपा की गलत नीतियां हैं, महंगाई बेरोजगारी, अन्याय, अत्याचार है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारी कांग्रेस ने तेज कर दी है। चुनावी रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दौरे कर रहे हैं। इसी कड़ी में ग्वालियर चम्बल संभाग की जिम्मेदारी पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह को दी। यही वजह है कि दिग्विजय सिंह शनिवार को ग्वालियर पहुंचे थे, जहां उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।