विदिशा हादसा : अब तक 3 शवों को निकाला गया बाहर, 25-40 लोगों के कुंए में गिरने की है ख़बर

मध्यप्रदेश/विदिशा : गुरुवार देर रात विदिशा (Vidisha) जिले के गंजबासौदा में बड़ा हादसा हो गया। यहां लाल पठार में एक कुएं में कई लोग गिर गए, जिसके बाद यहां अफरा तफरी मच गई। खास बात ये है कि विदिशा में ही गुरुवार को सीएम शिवराज की दत्तक पुत्रियों की शादी भी थी। हादसे की ख़बर लगते ही सीएम शिवराज ने बेटियों के विवाह स्थल को कंट्रोल रूम बनाया और तुरंत एक्शन में नज़र आए।
सीएम शिवराज ने घटनास्थल पर NDRF MP की एक टीम को भी बचाव कार्य के लिए रवाना किया। इसके अलावा प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी वहां पहुंचे। सीएम ने सीएस, डीजीपी और एसडीआरएफ डीजी से बात की। घटनास्थल के लिए एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ रवाना की गई। वहीं, सीएम शिवराज सिंह ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिये हैं।
बताया जा रहा है कि कुएं में कोई बच्चा गिर गया था, उसे बचाने के लिए गांव के लोग इकट्ठा हो गए। कुएं के आसपास काफी भीड़ जमा हो गई। भार और दबाव बढ़ने से कुएं के आसपास की मिट्टी धंस गई और कई लोग उसमें जा गिरे। मीडिया रिपोर्ट में मिट्टी धंसने से कुएं में गिरने वालों की संख्या 25 से लेकर 40 तक बताई जा रही हैं।
फिलहाल NDRF, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। खबर है कि NDRF ने देर रात मलबे से तीन शव बाहर निकाले हैं।


.jpeg)

