उज्जैन: महाकाल मंदिर के लड्डू व अन्नक्षेत्र को मिली फाइव स्टार हाइजिन रेटिंग

By : Anjali Kushwaha
उज्जैन: उज्जैन के महाकाल मंदिर के लड्डू प्रसाद व निशुल्क अन्नक्षेत्र को भारत सरकार की संस्था फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्स अथारिटी आफ इंडिया (एफएसएसएआइ) ने फाइव स्टार हाइजिन रेटिंग दी है. मंदिर की लडडू निर्माण इकाई स्वच्छता और शुद्धता के पैमाने पर खरी उतरी है. खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों का यहां पालन हो रहा है. संस्था के आडिटर तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने महाकाल मंदिर की लड्डू निर्माण इकाई चिंतामन व निशुल्क अन्नाक्षेत्र का निरीक्षण किया था. दोनों जगहों के निरीक्षण के बाद अधिकारी व्यवस्था को लेकर संतुष्ट थे.शनिवार को अधिकारियों ने लड्डू प्रसाद व अन्नाक्षेत्र के लिए फाइव स्टार रेटिंग दी.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया, उज्जैन महाकाल मंदिर की वजह से विश्व में प्रसिद्ध है. धार्मिक नगरी होने के कारण यहां देश-विदेश से पर्यटक व श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं. उन लोगों को यहां बेहतर खाना मिल सके. इसके लिए शहर के सभी रेस्टोरेंट, मिठाई व नमकीन की दुकानों का ऑडिट किया जा रहा है.
यह ऑडिट खाद्य सुरक्षा व प्रशासन की टीम FSSAI के ऑडिटर के साथ मिलकर किया जा रहा है। शर्मा ने कहा, ऑडिट के दौरान प्रमुख रूप से यही देखते हैं कि फूड लाइसेंस की शर्तों का पालन हो रहा है या नहीं। इसमें खाने की क्वालिटी, शुद्धता व साफ-सफाई के साथ कर्मचारियों का प्रशिक्षण, मेडिकल चेकअप, पेस्ट कंट्रोल आदि का भी ऑडिट किया जाता है। इसी हिसाब से सभी रेस्टोरेंट, मिठाई व नमकीन की दुकानों को 2 से 5 रेटिंग दी जाती है।




