कोरोना टिका लगवाने के बाद जनपद पंचायत के तीन कर्मचारी पाए गए पॉजिटिव, मचा हड़कंप

मध्यप्रदेश/छिंदवाड़ा – मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से एक खबर सामने आई है जहां 12 फरवरी को कोवीशील्ड की डोज लगवा चुके जनपद पंचायत के तीन कर्मचारी की रिपोर्ट शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव आई हैं। जिसके बाद जिले में हड़कंप मच गया हैं। मालूम हो कि इस समय प्रदेश में कोरोना टीकाकरण अभियान चल रहा है जिसके तहत लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर तीनों कर्मचारियों को होम आइसोलेट किया हैं तथा विभाग के अन्य कर्मचारियों की जांच के लिए शनिवार को जांच शिविर भी लगाया जा रहा हैं। वहीं, सीएमएचओ डॉ. राठी ने बताया कि कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिले के विभिन्न केंद्रों में 336 लाभार्थियों को कोवीशील्ड की डोज दी गई तथा टीका लगने के बाद किसी तरह की समस्या सामने नहीं आई थी। चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक पहली डोज लगने के 28 दिन बाद दूसरी डोज भी लगवाना आवश्यक हैं।
बता दें कि कोरोना टीका लगने के बाद भी सम्बंधितों को प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य है, जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग रखना, मॉस्क पहनना, हैंड सेनेटाइजिंग करना आदि बिंदू शामिल हैं।




