बेंगलुरु से ट्रेन में सवार होकर 394 यात्री आए रीवा, 9 मिले कोरोना संदिग्ध, मचा हड़कंप

बेंगलुरु से ट्रेन में सवार होकर 394 यात्री आए रीवा, 9 मिले कोरोना संदिग्ध, मचा हड़कंप

रीवा से गौरव सिंह की रिपोर्ट:- प्रवासी मजदूरों के घर वापसी का सिलसिला जारी है। बेंगलुरु से यात्रियों को लेकर स्पेशल ट्रेन रविवार सुबह रीवा पहुंची। ट्रेन में सवार यात्रियों को भोजन प्रदान करने के बाद उन्हें घरों के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन में संदिग्ध यात्री भी मिले हैं जिनको दूसरे यात्रियों से अलग कर दिया गया। कर्नाटक के बेंगलूरु रेलवे स्टेशन से रविवार सुबह ट्रेन पहुंची थी। ट्रेन एक दिन पूर्व रवाना हुई थी जो सुबह करीब दस बजे रीवा आई। इस ट्रेन में 932 यात्री सवार थे जिसमें कुछ यात्रियों को इटारसी, जबलपुर रेलवे स्टेशनों में उतारा गया है जिनको वहां से बसों के माध्यम से भेजा गया है।
रेलवे स्टेशन पर हुई जांच
394 यात्रियों को लेकर यह ट्रेन रीवा पहुंची थी जिसमें शहडोल के 21, सीधी 55, सिंगरौली के 26, अनूपपुर 14, छतरपुर 29, पन्ना 98, रीवा 21, सतना के 130 यात्री सवार थे। इन सभी यात्रियों को भोजन प्रदान करने के बाद उनको घरों के लिए रवाना किया गया है। रीवा के यात्रियों की रेलवे स्टेशन परिसर में ही जांच की गई है।
नौ यात्री मिले संदिग्ध
इनमें 9 यात्री संदिग्ध मिले हैं जिनको दूसरों से अलग कर दिया गया है। उनके शरीर का तापमान काफी ज्यादा था और उनके संक्रमित होने की संभावना थी। उन सभी को जांच के लिए भेजा जाएगा। रीवा जिले के सभी यात्रियों को बसों के माध्यम से तहसील मुख्यालय भेजा गया है जहां उनकी पुन: जांच होगी और उनको चौदह दिन के लिए होम क्वारंटीन रहने की हिदायत दी गई है। 

Exit mobile version