
मध्यप्रदेश/गुजरात : कोच्चि के पास आया चक्रवात ताऊ ते अब ज्यादा खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल रहा हैं। ताऊ ते तूफान को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया हैं। गुजरात के तटीय क्षेत्र से टकराने की चेतावनी के कारण रेलवे ने कुछ गाड़ियाें को निरस्त किया हैं।
जिसमें से पश्चिम मध्य रेल से चलने/समाप्त होने वाली गाड़ी संख्या 01464 जबलपुर-सोमनाथ एक्सप्रेस स्पेशल (वाया इटारसी-भोपाल) दिनांक 16.05.2021 को तथा गाड़ी संख्या 01463 सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस स्पेशल दिनांक 18.05.2021 को प्रारंभिक स्टेशन से निरस्त रहेगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 01466 जबलपुर-सोमनाथ एक्सप्रेस स्पेशल (वाया बीना-भोपाल) एवं गाड़ी संख्या 01465 सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस स्पेशल दिनांक 17.05.2021 को अपने प्रारंभिक स्टेशनों से निरस्त रहेंगी। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 09238 रीवा-राजकोट जंक्शन एक्सप्रेस स्पेशल (वाया इटारसी) दिनांक 17.05.2021 को प्रारंभिक स्टेशन से निरस्त रहेगी।
रेलवे की तरफ से बताया गया है कि गुजरात के तटीय क्षेत्र में दिनांक 17 एवं 18 मई 2021 को तूफान आने की चेतावनी दी गई हैं। अतः रेल प्रशासन द्वारा रेल संरक्षा एवं यात्रियों के जान माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ गाड़ियों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया हैं।
इधर, गुजरात की तरफ बढ़ रहे इस तूफान से जुड़ी दूसरी जानकारियों के लिए इंडियन मीटियरोलॉजिकल डिपार्टमेंट ने निगरानी शुरू की हैं। लक्ष्यद्वीप, केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु के घाट क्षेत्र में भारी बारिश का अनुमान हैं। वहीं गोवा और कोंकण क्षेत्र में सामान्य बारिश हो सकती हैं।
इंडियन नेवी ने शनिवार को एक ट्वीट कर बताया कि चक्रवाती तूफान में राहत कार्य पहुंचाने के लिए एयरक्रॉफ्ट, हेलीकॉप्टर, जहाज और आपदा राहत टीमों को तैयार रखा गया हैं।