
सिहोरा : 240 रु. मजदूरी, 21 दिन काम, साल भर नहीं दी मजदूरी
- वन परिक्षेत्र सिहोरा की बरने बीट का मामला : वृक्षारोपण योजना में 2019 जून-जुलाई माह में सैकड़ों ग्रामीणों से कराया था काम
- जिला वन मंडल अधिकारी जबलपुर के चक्कर काट-काट कर परेशान भरदा (पौड़ी खुर्द) ग्राम के ग्रामीण
द लोकनीति डेस्क सिहोरा
वर्ष 2019 में जून जुलाई माह में सैकड़ों ग्रामीणों ने वन विभाग की बीट क्रमांक 24 बरने एवं बीट क्रमांक 31 टिकुरी में वन विभाग की वृक्षारोपण योजना में 240 रु. रोज की मजदूरी से 21 दिन काम किया था। किंतु आज दिनांक तक इन्हें इनके कार्य की मजदूरी प्राप्त नहीं मिली, जबकि ग्रामीणों ने कई बार वन परिक्षेत्र अधिकारी सिहोरा एवं जिला वन मंडल अधिकारी जबलपुर के चक्कर काटे और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किंतु उक्त संबंध में वन विभाग के अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंगी। बीट प्रभारी भूपेंद्र मिश्रा और डिप्टी रेंजर इंद्र कुमार बडगइयां, रवि शंकर उपाध्याय ने मजदूरों से पेड़ लगाने हेतु गड्ढे कराए पेड़ लगवाए एवं तार बाउंड्री कराई थी।
बिल वाउचर में क्या हेरा फेरी, नहीं दी जानकारी : बहुजन समाज पार्टी के सिहोरा जोन इंचार्ज ओम समद के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में मजदूरों ने बताया कि वन विभाग का अमले ने बिल वाउचर में क्या हेरा फेरी की, इसकी जानकारी आज तक उक्त मजदूरों को नहीं दी गई न ही समस्या का निराकरण किया गया। फोन करने पर उक्त अधिकारी और बीट प्रभारी फोन तक नहीं उठाते, अतः इनकी मनमानी से तंग आकर ग्रामीणों ने आज बहुजन समाज पार्टी के तत्वाधान में अनुविभागीय अधिकारी सिहोरा को उक्त ज्ञापन सौंपकर न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय विधानसभा अध्यक्ष मुकेश सूर्यवंशी विधानसभा महासचिव राजेश कोल बसपा नेत्री बबीता गोटिया, हरछठ चौधरी दशरथ सिंह गौड़, दुर्जन सिंह भगत सिंह राहुल सिंह गोंड, अनीता कोल शकुन बाई लीलाबाई गोंड आदि उपस्थित रहीं।
इनका कहना
ज्ञापन के माध्यम से मजदूरों की समस्या के बारे में ज्ञात हुआ है जिस पर शीघ्र जांच कर कार्रवाई की जाएगी एवं मजदूरों को उनका बकाया पैसा दिलाया जाएगा।
चंद्र प्रताप गोहिल , अनुविभागीय अधिकारी सिहोरा
मजदूरों की मजदूरी की समस्या के विषय में मुझे ज्ञात है निराकरण के लिए कार्यवाही जारी है शीघ्र ही मजदूरों के खातों में मजदूरी भेज दी जाएगी।
अरविंद अहिरवार, वन परिक्षेत्र अधिकारी सिहोरा