सिंधिया ने समझी मामलें की गंभीरता, लिख डाला केंद्रीय मंत्री को पत्र, की ये मांग

मध्यप्रदेश/ग्वालियर – राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर भिंड-ग्वालियर सड़क को फोर लेन हाइवे बनाने का अनुरोध किया हैं। सिंधिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लिखे पत्र में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ रमेश दुबे की मांग का जिक्र करते लिखा कि मैं अनुग्रहित होऊंगा यदि आप सहानुभूतिपूर्वक कार्यवाही करेंगे और की गई कार्यवाही से मुझे और आवेदक को अवगत कराएँगे।
भाजपा नेता डॉ रमेश दुबे ने सिंधिया को लिखा था पत्र
दरअसल, NH -719 (NH-92) भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क पर आए दिन हो रहे सड़क हादसों में होने वाली मौतों का आंकड़ा देखते हुए जिले के डॉ रमेश दुबे ने राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर एवं ग्वालियर में मुलाकात कर इस टू लेन को फोर लेन में बदलवाने की मांग की थी।
सिंधिया को लिखे पत्र में डॉ रमेश दुबे ने बताया था कि हालिया दो दुर्घटनाओं में जिले ने होनहार पत्रकार एवं पार्षद दिनेश भदौरिया एवं युवा डॉक्टर दीपक भदौरिया को खोया है, हर माह आए दिन सैकड़ों दुर्घटनाओं में कई लोग असमय काल के मुंह में समा जाते हैं। ऐसे में अगर इस राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन नहीं किया गया तो न जाने कितने ही घरों के दीपक बुझते रहेंगे।
वहीं, सिंधिया ने भी इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर भिंड-ग्वालियर सड़क को फोरलेन हाइवे बनाने के लिए मांग की।




