Russia Vs Ukraine : रूसी सेना राजधानी कीव में हुई दाखिल, रक्षा मंत्री ने किया ये बड़ा दावा

इंटरनेशनल डेस्क : रूस-यूक्रेन विवाद गुरुवार को जंग में तब्दील हो गया। रूसी फौज ने सुबह साढ़े आठ बजे यूक्रेन की राजधानी कीव समेत 12 जगहों पर मिसाइल हमले किए। रूस ने आसमान और जमीन दोनों तरफ से यूक्रेन पर अटैक कर दिया। बता दे कि रूस द्वारा किए गए हमले आज भी जारी रहें। राजधानी कीव सुबह 7 बड़े धमाकों से दहल गई। वहीं, पश्चिमी यूक्रेन के लीव शहर में हवाई हमले का सायरन सुनाई दिया है। इसके बाद यहां की मेयर ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने को कहा है।
बताया जा रहा है कि लोग रातभर से घरों, सबवे, अंडरग्राउंड शेल्टर में छिपे हुए हैं। खाने-पीने से लेकर रोजाना की जरूरत की चीजों की कमी हो रही है।बताया जा रहा है कि राजधानी कीव में गुरुवार को रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया। जबकि, चश्मदीदों ने बताया कि रातभर धमाके और एयर रेड के सायरन सुनाई दिए। लोगों से लाइटें बंद करने और पर्दे लगाने को कहा गया।
इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी में दाखिल हो गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि अगले 96 घंटे यानी 4 दिन में कीव पर रूस का कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रूसी सेनाएं रिहाइशी इलाकों को टारगेट कर रही हैं। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने भी रूसी हमले का मुकाबला करने के लिए पूरी सेना उतार दी है।
यूक्रेन की रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि यूक्रेनी फोर्सेस ने रूस के 7 एयरक्राफ्ट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक तबाह कर दिए हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि उनकी फोर्सेस ने 800 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। 30 रूसी टैंक और 7 जासूसी एयरक्राफ्ट को भी तबाह कर दिया है।
बताते चले कि रूसी हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं, वहीं 316 घायल हैं।




