पंजाब : कैप्टन ने दी CM चन्नी को ये नसीहत, सिद्धू पर साधा निशाना, कांग्रेस को बताया डूबता जहाज
- पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर का कांग्रेस पर सिद्धू पर बड़ा हमला
- मुझे अपमानित किया गया, भरोसा नहीं किया – कैप्टन अमरिंदर
- CM चरणजीत सिंह चन्नी को भी दी नसीहत
पंजाब : पंजाब में जारी सियासी घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस और नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर बड़ा बयान तो दिया है, साथ ही वर्तमान में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी नसीहत दे डाली।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा की वे इस्तीफा देंगे…पार्टी में नहीं रहेंगे। वे इस प्रकार का अपमान सहने के आदी नहीं हैं। उनके सिद्धान्त और मान्यताएं उन्हें कांग्रेस में रहने की इजाजत नहीं देते। उन्होंने कहा कि पंजाब के हित में उनके समक्ष जो विकल्प हैं वे अभी भी उन पर विचार कर रहे हैं। उनके लिए राज्य की सुरक्षा सर्वोपरि है।
बता दे कि गुरुवार की दोपहर को कैप्टन अमरिंदर सिंह के ऑफिस से जारी बयान में कांग्रेस को एक डूबता जहाज बताया और कहा कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की कोई सुनवाई नहीं है। कैप्टन ने कहा कि उनकी पूरी तरह से अवहेलना की जा रही है। उन्हें अपमानित किया गया है और उन पर भरोसा नहीं किया गया।
वहीं, उन्होंने CM चरणजीत सिंह चन्नी को नसीहत देते हुए कहा कि मैने अपने कार्यकाल के दौरान कभी पार्टी अध्यक्ष की सरकार में दखल अंदाजी नहीं होने दी है। साढ़े 9 साल के कार्यकाल के दौरान कभी पार्टी अध्यक्ष ने सरकार चलाने में दखल नहीं दिया और न ही मैने प्रधान होते हुए ऐसा किया। सरकार में अफसरों की नियुक्ति का काम मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का है, ना कि नवजोत सिंह सिद्धू का।
इसके अलावा कैप्टन ने ये भी साफ कर दिया है कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं हो रहे और न ही कांग्रेस में रहेंगे।