
जबलपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। सोमवार को कांग्रेस का चुनावी शंखनाद करने प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर पहुंची। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एमपी में भी हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक की तरह पांच चुनावी गारंटी की घोषणा की। सभा के मंच से प्रियंका गांधी के इशारों और मुस्कुराहट ने यह साफ कर दिया कि राज्य में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कमलनाथ ही होंगे।
कांग्रेस कमेटी की तेजतर्रार महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार सुबह जबलपुर पहुंचीं। यहां से वह सीधे ग्वारीघाट गई। उन्होंने 101 ब्राह्मणों के साथ मां नर्मदा की पूजा-आरती की। इसके बाद वे शहीद स्मारक मैदान में सभा के लिए पहुंची। मंच पर प्रदेश के सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के भाषण का सिलसिला शुरू हुआ। प्रियंका गांधी के भाषण से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाते कमलनाथ को संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया।
जैसे ही कमलनाथ भाषण के लिए खड़े हुए सभा स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता ‘जय जय कमलनाथ और हमारा सीएम कैसा हो कमलनाथ जैसा हो’ के नारे लगने लगे। प्रियंका गांधी के विक्ट्री साइन इशारे के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह ओर बढ़ गया। नारों के बीच प्रियंका गांधी ने मुस्कुराकर और हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं को शांत करने की कोशिश की। इसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए। फिर कमलनाथ ने अपना संबोधन शुरू किया।
मंच से अपने संबोधन में पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, प्रियंका गांधी ने यहां आने से पहले नर्मदा पूजन की शर्त रखी थी। संस्कारधानी जबलपुर आकर मुझे जवानी के दिनों की याद आती है। यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं। हमारे संस्कार दिल और रिश्ते जोड़ने के हैं। हमारे देश के अलावा किसी देश में इतने धर्म, जातियां, देवी-देवता, त्योहार नहीं हैं। जोड़ने की संस्कृति की राजधानी जबलपुर है। मैं हिंदू हूं, गर्व से कहता हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। 15 साल बाद दिसंबर 2018 में आपने कांग्रेस की सरकार चुनी। शिवराज सिंह ने हमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचार में नंबर-1 प्रदेश सौंपा। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। मैंने कहा कि मुझे कुर्सी नहीं चाहिए, मैंने सौदा नहीं किया। शिवराज सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी, कोरोना की मौत, माफिया राज, रेप, घर-घर शराब दी। यह उनकी उपलब्धि है। मैं उनसे मुकाबला नहीं कर सकता। उनके नाचने से मुकाबला नहीं कर सकता। उन्हें कलाकारी और घोषणाओं में नहीं हरा सकता, लेकिन सच्चाई में हरा सकता हूं। शिवराज सिंह को चुनौती देता हूं कि ये चुनाव किसी उम्मीदवार का, पार्टी का नहीं है, ये चुनाव मध्यप्रदेश के भविष्य का है।
प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हुआ आपका शोषण हो रहा है। प्रियंका ने कहा कि 2018 में आप लोगों ने कांग्रेस की सरकार को चुना। लेकिन धन-बल से जनादेश को कुचल दिया गया। 2018 में आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली। आपका कुछ फायदा होता तो समझ में आता। इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़ा। हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। इन्होंने भगवान को भी नहीं छोड़ा। राज्य में तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला हो रहा है। आगे प्रियंका ने कहा कि आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 फीसदी पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है। ये गारंटी हैं, घोषणा नहीं। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने पहली कैबिनेट में ही इसका बिल पास कर दिया।
हर महीने महिलाओं को 1500 रुपये दिए जाएंगे।
गैस सिलंडर 1000 का नहीं, बल्कि 500 रुपये का मिलेगा। साथ ही 100 यूनिट बिजली फ्री और 200 यूनिट हॉफ होगी। यही नबी हम मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। कमलनाथ की सरकार ने किसान कर्जमाफी की थी। बचे हुए किसानों की कर्जमाफी का काम भी पूरा करेंगे।