जनसंख्या नियंत्रण कानून : ज्यादा बच्चे पैदा करें क्षत्रिय…भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा का विवादित बयान

मध्यप्रदेश/सीहोर – हमेशा अपने बयानों के चलते सुखियों में रहने वाली भाजपा की फायर ब्रांड नेत्री एवं भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। दरअसल,शनिवार को वो सीहोर में एक कार्यक्रम में पहुंची थी, जहां उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर कहा कि राष्ट्रहित में क्षत्रियों को अधिक संख्या में बच्चे पैदा करना चाहिए। क्षत्रिय कुल खत्म हो जाएगा तो राष्ट्र की रक्षा कौन करेगा? देश की रक्षा के लिए संतान पैदा कीजिए और उन्हें सैनिक बनाइए। यह कानून तो उन लाेगाें पर लागू होना चाहिए जाे देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहते हैं। 

वहीं, देश में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर भी उन्होंने बड़ा बयान दिया। भाजपा सांसद ने कहा कि इस आंदोलन में किसान नहीं हैं, बल्कि किसानों के भेष में वामपंथी, कांग्रेसी लोग छुपे हुए हैं, देश विरोधी लोगों को इकठ्ठा किया जा रहा है, ऐसे लोगों को सजा मिलना चाहिए, ऐसे लोगों को जेल में डाल देना चाहिए। 

जबकि , पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर हुए हमले को लेकर उन्होंने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि वह पागल हो गई हैं। ममता बनर्जी तिलमिला गई हैं,उनको समझ आ गया है कि बंगाल में हिन्दू शासन आएगा। बंगाल अखंड भारत का हिस्सा हैं। वे इसे अलग करने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देगी।
 

Exit mobile version