पुलिस ने कांग्रेसियों पर बरसाई लाठियां, छह से ज्यादा कांग्रेसी घायल, ये है पूरा मामला

मध्यप्रदेश/बैतूल – सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से लगातार विवाद में बनी हुई अभिनेत्री कंगना रनौत पिछले दिनों किसान आंदोलन पर एक ट्वीट करके फिर सुर्खियों में आ गई हैं। लेकिन इस बार वो कांग्रेस के निशाने पर हैं। कांग्रेस की मांग है कि कंगना किसानों से माफी मांगें वरना बैतूल के सारणी में उनकी अपकमिंग फिल्म धाकड़ की शूटिंग नहीं होने दी जाएगी।
हालांकि कंगना को कांग्रेस की धमकियों से कोई फर्क नहीं पड़ा। वो लगातार ट्वीट पर ट्वीट किए जा रही हैं। एक ट्वीट में तो उन्होंने ये तक लिख दिया कि कांग्रेसी मुझे नेता बनाकर की मानेंगे। रही माफी की बात तो कंगना ऐसा करेंगी इसकी उम्मीद कम हैं। लेकिन अब कांग्रेस का अगला कदम क्या होगा ये देखना बाकी हैं।
बता दे कि कांग्रेस ने कंगना को माफी मांगने के लिए 12 फरवरी तक का वक्त दिया था। लेकिन जब उन्होंने माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस कार्यकर्ता सारणी में हो रही धाकड़ की शूटिंग रोकने निकल पड़े। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। कांग्रेसियों को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और वॉटर केनन का इस्तेमाल करना पड़ा। लाठीचार्ज में छह से ज्यादा कांग्रेसी घायल हो गए।
वहीं, कांग्रेस ने दोबारा चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अगले 48 घण्टे में कंगना ने माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस फिर आंदोलन करेगी।




