नोटबंदी दिवस, बेरोजगारी दिवस और पूंजीपति दिवस के रूप में मनाया जाए प्रधानमंत्री का जन्मदिन : कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी

- भोपाल के कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- PM के जन्मदिन कार्यक्रमों के विरोध में प्रेस कांफ्रेंस
- कॉन्फ्रेंस में जीतू पटवारी ने PM मोदी पर कसा तंज
भोपाल/अंजली कुशवाह: मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा की सियासत दिन-ब-दिन ज़ोर पकड़ती जा रही हैं. इसी बीच आज राजधानी भोपाल के कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया. इस प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होने वाले कार्यक्रम के विरोध में हुआ. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री को लेकर कहा कि पिछले 7 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा क्या काम किया है कि जिसकी वजह से उनका जन्मदिन इतने दिनों तक मनाया जा रहा है. इसके अलावा 7 साल का उनका इतिहास बताता है कि वह किसान विरोधी हैं. जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका जन्मदिन नोटबंदी दिवस, बेरोजगारी दिवस और पूंजीपति दिवस के रूप में मनाया जाए. यह सभी को पता है कि इस देश में कितना राज धर्म का पालन हो रहा है.
मोदी मतलब बंटाधार
इसके अलावा कांग्रेस विधायक पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने से पहले उनके द्वारा दिए गए नारे और स्लोगन को लेकर भी तंज कसा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीतू पटवारी द्वारा प्रधानमंत्री ने जो घोषणाएँ की थी उसको लेकर भी वास्तविक आंकड़े सामने रखें. साथ ही उन्होंने देश में बढ़ती हुई महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को घेरा कि अच्छे दिन कहीं चले गए लेकिन महंगे दिन जरूर आ गए हैं. 45 साल में देश में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज हुई है. इन सब का मतलब है मोदी मतलब बंटाधार. मोदी ने जितने वादे किए हैं उनके झूठ को लेकर वेबसाइट बनानी पड़ेगी.
अपराधों में मध्य प्रदेश नंबर वन
कॉन्फ्रेंस के दौरान जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश में बढ़ते हुए अपराधों और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर शिवराज पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी अत्याचार, दलित अत्याचार, नाबालिग लड़कियों से रेप में मध्य प्रदेश नंबर वन पर है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिन के नायक और 17 साल के खलनायक है. कोविड-19 के दौरान लोग दवाइयों और ऑक्सीजन की कमी से तड़प तड़प के मरे हैं. इसके अलावा अन्न उत्सव के दौरान पीएम मोदी और सीएम शिवराज के बैग वाले फोटो दिए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किस तरह से छपे है इसको लेकर वे प्रयास करते रहते हैं. बीजेपी बस अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना और अपने नाकामियों को छुपाए रखने के एजेंडे में लगी रहती है.
MP में और ज़ोर पकड़ेगी सियासी हलचल
कांग्रेस की इस प्रेस वार्ता के बाद यह देखना होगा कि भाजपा सरकार की तरफ से इसको लेकर क्या प्रतिक्रिया सामने आएगी. बता दें कि 17 सितंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिन के मौके पर भाजपा युवा मोर्चा द्वारा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2021 तक सेवा और समर्पण अभियान चलाया जाएगा. इसी संबंध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार द्वारा 16 सितंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता रखी गयी हैं.




