बड़वानी :- विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण के लिए आशा ग्राम पहाड़ी पर प्रशासन ने रोपे पलाश के बीज

विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण के लिए आशा ग्राम पहाड़ी पर प्रशासन ने रोपे पलाश के बीज
बड़वानी से हेमंत नागजीरिया की रिपोर्ट:- पथरीली पहाड़ी हो और पौधों में देने के लिए पानी की उपलब्धता भी ना हो, तो ऐसे में पौधे रोपना तो दूर, पौधे लगाने का सोचना भी कोई नहीं चाहेगा। किंतु कलेक्टर अमित तोमर के मार्गदर्शन में बड़वानी के तहसीलदार राजेश पाटीदार ने इस सोच को चैलेंज के रूप में लेकर बड़वानी शहर एवं आसपास की पथरीली पहाड़ियों को हरा – भरा बनाने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने गत वर्ष जहां 5 से 6 फुट वाले पौधे रोपने का काम अपनी टीम के साथ किया बल्कि वर्ष भर इन्हें सहेजा भी ।
इस वर्ष राजेश पाटीदार ने अपने 50 – 60 शासकीय, अशासकीय स्वयंसेवकों की टीम के साथ आशा ग्राम की पथरीली पहाड़ी पर पलाश के बीज रोपने का बीड़ा उठाया है। इसके लिये उन्होने पिछले वर्ष से ही पलाश के बीजों का संग्रहण प्रारंभ कर दिया था। अब इस संग्रहित बीज को उन्हें दुर्गम पहाड़ी पर लगाने का कार्य प्रारंभ किया है। इस कार्य में प्रकृति भी उनका साथ दे रही है जैसे ही पहाड़ी ढालो पर पलाश के बीज रोपे गए वैसे ही तेज बरसात होने लगी । मानो प्रकृति भी उनके इस कार्य को अपना आशीर्वाद दे रही हो ।
ज्ञातव्य है कि आशाग्राम की इस पहाड़ी पर वन विभाग भी 1 हजार पौधे लगाने हेतु खड्डे खोदना आरंभ किया है। जिससे नियमित वर्षा की झड़ी होने के साथ इन खड्डो में पौधो का रोपण किया जा सके ।




