सभी खबरें

15 दिनों में 9 रुपये 40 पैसे तक महंगा हुआ पेट्रोल-डीज़ल, नुकसान की भरपाई के लिए अभी और बढ़ेंगे दाम!

नई दिल्ली : आज फिर सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए है। जिसके तहत आज भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर का इज़ाफ़ा किया गया हैं। तेल कंपनियों ने पिछले 15 दिन में 13 बार कीमतों में इजाफा किया और अब तक 9.40 रुपये दाम बढ़ चुके हैं। मालूम हो कि पिछले चार महीने से पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर थे। लेकिन कहा जा रहा है कि कंपनियां अपने घाटे की भरपाई होने तक ईंधन के दाम बढ़ा सकती हैं। 

बढ़त के बाद इन चारों महानगरों में पेट्रोल-डीजल के दाम 

  • दिल्ली पेट्रोल 104.61 रुपये और डीजल 95.87 रुपये प्रति लीटर
  • मुंबई पेट्रोल 119.67 रुपये और डीजल 103.92 रुपये प्रति लीटर
  • चेन्नई पेट्रोल 110.09 रुपये और डीजल 100.18 रुपये प्रति लीटर
  • कोलकाता पेट्रोल 114.28 रुपये और डीजल 99.02 रुपये प्रति लीटर

इससे पहले सरकार की तरफ से नवंबर में दिवाली के मौके पर दिया गया पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती का लाभ भी खत्म हो गया है। बता दे कि सरकारी तेल कंपनियां अपने घाटे की भरपाई के लिए पेट्रोल-डीजल कीमतों में ताबड़तोड़ बढ़ोतरी कर रही हैं। क्रिसिल रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के नुकसान की भरपाई के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमत में 15 से 20 रुपए का इजाफा करना होगा। इस लिहाज से देखें तो पेट्रोल-डीजल की कीमत में अभी और 18 रुपए की बढ़ोतरी हो सकती है।

खास बात ये है कि 5 राज्यों में आए चुनाव परिणाम के 12 दिन बाद से ही दाम बढ़ने शुरू हो गए है, चुनाव के दौरान कंपनियों ने दाम नहीं बढ़ाए थे, इसलिए उसकी भरपाई अब शुरू कर दी गई है।

हर सुबह 6 बजे जारी होते हैं नए रेट

हर दिन सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है. सुबह 6 बजे से ही नए रेट लागू हो जाते हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन, वैट और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम मूल भाव से लगभग दोगुना हो जाता है। यही कारण है कि पेट्रोल-डीजल के दाम इतने अधिक दिखाई देते हैं। 
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button