पीने वाले रहेंगे तो "दारू" आती रहेगी, लोग यहां-वहां से "शराब" लेकर आते रहेंगे – CM Shivraj

मध्यप्रदेश/कटनी – शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी में लोगों से मध्य प्रदेश को नशामुक्त प्रदेश बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, 'हम मध्य प्रदेश को नशामुक्त प्रदेश बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए आपका सहयोग चाहिए। यह सिर्फ शराबबंदी से नहीं होगा। पीने वाले रहेंगे तो दारू आती रहेगी। लोग यहां-वहां से शराब लेकर आते रहेंगे। हम नशामुक्ति अभियान चलाएंगे, जिससे लोग पीना ही छोड़ें।
मुख्यमंत्री शिवराज ने बयान उमा भारती के उस बयान के बाद दिया है, जिसमें उन्होंने शराबबंदी के लिए अभियान चलाने की बात कही थी।
दरअसल, मध्यप्रदेश में शराब को लेकर राजनीतिक गर्मी लगातार बनी हुई हैं। शिवराज सरकार द्वारा शराब की होम डिलेवरी की तैयारी के बीच भाजपा की फायरब्राण्ड नेता उमा भारती ने शराब बंदी को लेकर अभियान का ऐलान कर शिवराज की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। जिसके बाद सीएम शिवराज ने अलग अंदाज़ में इसका जवाब दिया।
इस से पहले उमा भारती ने शराबबंदी को लेकर सीएम शिवराज को पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि शराबखोरी से गरीबों की जिंदगी तबाह हो रही हैं। जिसके लिए प्रदेश में यह मुहिम चलाना आवश्यक हैं। इसके साथ ही साथ उन्होंने कहा कि कोई गलतफहमी ना हो। इसके लिए पत्र को सार्वजनिक किया जा रहा हैं।
उमा भारती ने लिखा था कि इस मुहिम में राजनीतिक वक्तव्य नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही साथ सरकार पर अनुचित जवाब बनाने की चेष्टा भी किसी को नहीं करनी हैं। यह मुहिम इसलिए है ताकि लोग खुद ही नशे का त्याग करें। वहीं, अपने पत्र में महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए उमा भारती ने लिखा था कि गांधी की कल्पना में शराबबंदी भी थी पर प्रयास करने के बाद भी देश इसमें सफल नहीं हो पाया हैं।
इधर, खबरों की मानें तो उमा भारती टीकमगढ़ में अपने गृह ग्राम डूंडा से शराब दुकानें बंद कराने का अभियान शुरू कर सकती हैं। इसको लेकर वह संकेत दे चुकी हैं।




