जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, लेकिन शिवराज सरकार झूठ के नारियल फोड़ने में व्यस्त है….

- पृथ्वीपुर की जनता पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी के साथ है: कमलनाथ
- मुझे अच्छी तरह पता है कि पिछले 16 साल में उन्होंने 22000 घोषणाओं के दिए हैं सिर्फ आश्वासन
भोपाल/निशा चौकसे:- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने रविवार को पृथ्वीपुर विधानसभा के जेरोन क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र राठौर के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया. कमलनाथ ने कहा कि पृथ्वीपुर की जनता पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी के साथ है. साथ ही बोले कि स्वर्गीय बृजेंद्र राठौर ने लंबे समय तक इस क्षेत्र का नेतृत्व किया. बृजेंद्र राठौर मेरे सबसे विश्वासपात्र मंत्री थे. उनके निधन के बाद उनके बेटे नितेंद्र राठौर पृथ्वीपुर की जनता की सेवा करेंगे. बीजेपी ने पहले बृजेंद्र राठौर को और बाद में नितेंद्र राठौर को पार्टी में ले जाने की बहुत कोशिश की लेकिन नितेंद्र स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद अमर सिंह राठौर के पौत्र हैं. उनकी रगों में स्वतंत्रता सेनानियों का खून है और कांग्रेस का जीन है. यह बिकने वाले नहीं हैं. इस चुनाव में पृथ्वीपुर की जनता बीजेपी को इस धोखाधड़ी का पूरा बदला देगी.
कमलनाथ ने शिवराज सरकार को दिया जवाब
शिवराज सिंह चौहान यहीं पास में सभा कर रहे हैं. मैं उनसे पूछता हूं कि बुंदेलखंड की जनता उनकी एक्टिंग और झूठे वादों के जाल में फंसने वाली नहीं है. यहां के लोग गरीब हैं, भोले हैं, लेकिन बुद्धिमान हैं और स्वाभिमानी हैं. वह उनके छल में नहीं फंसने वाले. मैं शिवराज सिंह चौहान से पूछता हूं कि वह अपने 16 साल के कार्यकाल का हिसाब यहां के नौजवानों को दें. यहां के किसानों को दें. शिवराज मुझसे 15 महीने के शासनकाल का हिसाब मांगते हैं. आचार संहिता का समय हटा दें तो मुझे कुल साढ़े 11 महीने सरकार चलाने को मिले. इस दौरान का हिसाब मैं देता हूं. मैंने प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया. मैंने 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी. मैंने माफिया मुक्त मध्यप्रदेश बनाया. मैंने शुद्ध के लिए युद्ध किया. मैंने 1000 गौशाला खुलवाईं. अब शिवराज जी बताएं कि उन्होंने 16 साल में क्या किया? मुझे अच्छी तरह पता है कि पिछले 16 साल में उन्होंने 22000 घोषणाएं और आश्वासन दिए हैं. वे अपनी जेब में नारियल लेकर चलते हैं और हर इलाके के लिए झूठी घोषणा का नारियल फोड़ देते हैं. लेकिन अदाकारी और झूठ की राजनीति का समय बीत गया है.
प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, आए दिन डीजल, पेट्रोल और गैस के दाम बढ़ाए जा रहे हैं. किसानों को खाद नहीं मिल रहा है. शिवराज झूठ के नारियल फोड़कर जनता की ध्यान भटकाना चाहते हैं, साथ ही कहा कि जनता इस झांसे में आने वाली नहीं है और जनता सच्चा का साथ देगी.

.jpeg)


