Gangrape के दोषियों को पंचायत ने सुनाई बस 5-5 जूते मारने की सजा, आहत किशोरी ने की आत्महत्या

भारत में जारी कोरोना संकट के बीच उत्तर प्रदेश के अलीगढ (Aligarh) से एक बड़ा ही शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर पंचायत ने किशोरी के साथ दुष्कर्म (Gangrape) के दो आरोपियों को सजा के तौर पर पांच-पांच जूते मारे और उनका मुंह काला करके छोड़ दिया। पंचों के इस निर्णय से दुखी आहत ने घर में आकर फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी मुनिराज ने कहा- पंचायत पर भी कार्रवाई होगी। मामले में पिता की ओर से दुष्कर्म के दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार गंगीरी दादों थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को तड़के पहर शौच के लिए जंगल गई करीब 17 वर्षीय किशोरी से गांव के ही दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मामला पुलिस तक पहुंचने से पहले कुछ लोग इसे दबाने में जुट गए। चूंकि, पीड़ित और आरोपी पक्ष एक ही वर्ग से थे, इसलिए सुलह समझौते का प्रयास शुरू हो गया। गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचों ने निर्णय लिया कि किशोरी दोनों को पांच-पांच जूते मारे। पंचों के सामने बेबस किशोरी ने ऐसा ही किया। फिर दोनों युवकों का मुंह काला कर के भविष्य में ऐसा करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। आरोप है कि किशोरी पंचायत से लौटकर अपने घर जा रही थी, तभी दुष्कर्म करने वाले लड़कों ने उसे रोककर जान से मारने की धमकी दी और उस पर फब्तियां कसी। इस बात से आहत होकर किशोरी ने जान दे दी (Suicide) । पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

 

Exit mobile version